PM Modi Slovakia visit 2026: भारत के राजनयिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया के ऐतिहासिक राजकीय दौरे पर रहेंगे। साल 1993 में स्लोवाकिया के एक स्वतंत्र देश बनने के बाद यह पहली बार है जब भारत का कोई प्रधानमंत्री (First Indian PM to visit Slovakia) इस मध्य यूरोपीय (Central European) देश की धरती पर कदम रखेगा।
विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से बेहद ऐतिहासिक और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया है। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने एक विशेष प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि पीएम मोदी (PM Modi) यह दौरा स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको (Robert Fico PM Modi meeting) के विशेष निमंत्रण पर कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 जून को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'एक-दूसरे से जुड़े हैं भारत-बांग्लादेश के सपने', ढाका में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले दिनेश त्रिवेदी से Exclusive बातचीत
अगले दिन, यानी 15 जून को वहां के ऐतिहासिक महल (Bratislava Castle) में उनका भव्य और पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच आमने-सामने की विशेष बातचीत और फिर प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक होगी। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे, जो राष्ट्रपति भवन में पीएम मोदी के सम्मान में एक राजकीय भोज (State Banquet) की मेजबानी करेंगे।
व्यापार, रक्षा और तकनीक पर रहेगा फोकस
इस दौरे का एक बड़ा हिस्सा दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने से जुड़ा है। पीएम मोदी स्लोवाकिया के शीर्ष बिजनेस लीडर्स और उद्योगपतियों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे। इस बैठक का मकसद दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाना और परिवहन, रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा), एडवांस टेक्नोलॉजी और डिफेंस प्रोडक्शन (रक्षा उत्पादन) जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है।
भारत और स्लोवाकिया के बीच व्यापार हाल के वर्षों में काफी तेजी से बढ़ा है, और जानकारों का मानना है कि 'भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते' (India-EU FTA) के लागू होने से इन आर्थिक संबंधों को और ज्यादा रफ्तार मिलेगी।
यूक्रेन के बाद स्लोवाकिया में दूसरा सबसे बड़ा भारतीय समुदाय
हाल के सालों में स्लोवाकिया में भारतीय प्रवासियों (Indian Diaspora) की संख्या तेजी से बढ़ी है और यह अब करीब 11,000 तक पहुंच चुकी है। यूक्रेन के नागरिकों के बाद अब भारतीय समुदाय स्लोवाकिया में दूसरा सबसे बड़ा विदेशी समुदाय बन चुका है।
दोनों देशों के बीच हमेशा से ही काफी दोस्ताना और मजबूत रिश्ते रहे हैं। भारत इस दौरे के जरिए न सिर्फ स्लोवाकिया और फ्रांस के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है, बल्कि वैश्विक मंच पर एक जिम्मेदार और रचनात्मक महाशक्ति के रूप में अपनी छवि को और मजबूत कर रहा है।
