उत्तर प्रदेश को रेलवे की एक और बड़ी सौगात मिली है। शनिवार को वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी से हरी झंडी रवाना किया। इस ट्रेन के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच रात के सफर को पहले से ज्यादा तेज और आरामदायक होगा। वैष्णव ने कहा कि यह 'वंदे भारत स्लीपर' एक आधुनिक ट्रेन है जो बनारस और दिल्ली को जोड़ती है। यह हमारे मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए परिवहन का एक बेहतरीन साधन साबित होगी। इस ट्रेन को अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके बनाया गया है।
इस ट्रेन का सबसे ज्यादा फायदा वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद के यात्रियों को मिलेगा। ट्रेन इन सभी स्टेशनों पर रुकेगी। यानी सिर्फ वाराणसी ही नहीं, बल्कि यूपी के कई बड़े शहर सीधे इस आधुनिक स्लीपर ट्रेन से जुड़ेंगे। धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों के लिए यह ट्रेन सुविधाजनक विकल्प बन सकती है।
रात में सफर, सुबह मंजिल पर पहुंचेंगे यात्री
नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, दिल्ली से यह ट्रेन रात 9 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी। यानी यात्री रात में सफर करके सुबह अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
मौजूदा शिवगंगा एक्सप्रेस के मुकाबले वाराणसी से दिल्ली पहुंचने में 55 मिनट और दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में 35 मिनट कम लगेंगे। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से शुक्रवार को और दिल्ली से शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा।
पहले वाली वंदे भारत से कितनी अलग है यह ट्रेन?
इस बार खास बात यह है कि यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। अभी तक वंदे भारत का नाम आते ही चेयरकार यानी बैठकर सफर करने वाली ट्रेन की तस्वीर सामने आती थी। लेकिन यह ट्रेन लंबी दूरी और रातभर के सफर को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें यात्रियों को सोने के लिए बर्थ मिलेंगी। यानी अब यात्री रातभर आराम से सोते हुए सफर कर सकेंगे।
इस ट्रेन में एसी फर्स्ट, एसी सेकंड और एसी थर्ड क्लास की स्लीपर सुविधाएं दी गई हैं। फर्स्ट एसी में गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा भी होगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा सामान रखने के लिए अलग जगह, मोबाइल चार्जिंग के लिए यूएसबी टाइप-A और टाइप-C पोर्ट भी दिए गए हैं।
सुरक्षा और सुविधाओं पर भी खास ध्यान
नई वंदे भारत स्लीपर में आधुनिक सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें कवच यानी ट्रेन टक्कर से बचाव की प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, आग और धुएं का पता लगाने वाला सिस्टम और इमरजेंसी अलार्म बटन जैसी सुविधाएं हैं। ट्रेन में आवाजाही के लिए आधुनिक ऑटोमैटिक दरवाजे और दोनों कोच के बीच बंद गैंगवे भी दिया गया है।
इसके अलावा बेहतर सस्पेंशन और आधुनिक डिजाइन की वजह से सफर को ज्यादा आरामदायक बनाने की कोशिश की गई है। शौचालयों में वैक्यूम सिस्टम, बेहतर लाइटिंग और वाई-फाई की सुविधा भी मिलेगी।
कुल मिलाकर वाराणसी से दिल्ली के बीच शुरू होने वाली यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यूपी के यात्रियों को रात के सफर का एक नया विकल्प देगी। खास बात यह है कि यह सिर्फ तेज रफ्तार ट्रेन नहीं, बल्कि लंबी दूरी के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई ऐसी ट्रेन है, जिसमें सफर के साथ आराम और सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है।
