शहर

Punjab Election 2027: केजरीवाल की PAC बैठक में फाइनल हुए 40 नाम, भगवंत मान बोले- AAP की जीत तय

Punjab Election 2027: ​PAC की बैठक खत्म होने के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा कि उम्मीदवारों की जल्द घोषणा पार्टी की मजबूत तैयारियों और पारदर्शिता का प्रमाण है। लिस्ट जारी होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सभी 40 उम्मीदवारों को बधाई दी।

Image

भगवंत मान (फोटो साभार-@BhagwantMann)

Punjab Election 2027: आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपनी पहली लिस्ट जारी कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में 40 उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। लिस्ट में सबसे बड़ा नाम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का है, जिन्हें एक बार फिर उनकी परंपरागत सीट धुरी से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने साफ किया है कि उम्मीदवारों का चयन जनता के बीच किए गए सर्वे के आधार पर किया गया है। लिस्ट जारी होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सभी 40 उम्मीदवारों को बधाई दी और 2027 में 2022 के 92 सीटों वाले रिकॉर्ड को भी तोड़ने का आह्वान किया।

भगवंत मान बोले- जीत तय है

PAC की बैठक खत्म होने के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा कि उम्मीदवारों की जल्द घोषणा पार्टी की मजबूत तैयारियों और पारदर्शिता का प्रमाण है। उन्होंने कहा, "जनता ने जिन उम्मीदवारों पर अपनी सहमति जताई, PAC में उन्हीं नामों पर मुहर लगी है। हम उम्मीद करते हैं कि सभी 40 उम्मीदवार अगली बार भी चुनकर आएंगे।"

मान ने कहा कि जल्द लिस्ट जारी करने से उम्मीदवारों को 'सरकार के काम' जनता तक पहुंचाने का पूरा मौका मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस आखिरी दिन तक बगावत के डर से टिकट घोषित नहीं करती, जबकि AAP का सिद्धांत अलग है। उन्होंने कहा, "पंजाब में कोई ऐसा गांव नहीं है जहां ग्रांट न पहुंची हो, सड़कें न बनी हों, किसी को नौकरी न मिली हो। चुनाव में हमारा किसी से कोई मुकाबला नहीं, हम बिल्कुल जीते हुए हैं। फिर बनने जा रही है भगवंत मान सरकार।" वहीं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने X पर लिखा, "यह जनता के भरोसे को और मजबूत करने की जिम्मेदारी है। हर घर जाइए, लोगों की बात सुनिए। खुशहाल पंजाब के लिए भगवंत मान फिर से।"

पहली लिस्ट में किन्हें मिला मौका?

पहली लिस्ट में कई मौजूदा मंत्रियों और विधायकों को बरकरार रखा गया है। बटाला से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, एस.ए.एस. नगर से कुलवंत सिंह, कोटकपूरा से स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर और पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को टिकट दिया गया है। पार्टी का कहना है कि आने वाली लिस्ट में नए चेहरों को भी मौका मिलेगा।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article