दुनिया

शांति वार्ता विफल होने पर पाकिस्तानी सेना पर भड़का अफगानिस्तान! तालिबान सरकार ने सुनाई खरी खोटी

Afghanistan Pakistan Peace Talks: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच शांति वार्ता विफल होने के एक दिन बाद, तालिबान सरकार ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तानी सेना और खुफिया सेवाओं के भीतर कुछ तत्व जानबूझकर उस वार्ता प्रक्रिया को बाधित कर रहे हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगानिस्तान किसी को भी “किसी अन्य देश के खिलाफ अपने क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगा।

Image

PAK-अफगान वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Afghanistan Pakistan Peace Talks: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच शांति वार्ता विफल होने के एक दिन बाद, तालिबान सरकार ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तानी सेना और खुफिया सेवाओं के भीतर कुछ तत्व जानबूझकर उस वार्ता प्रक्रिया को बाधित कर रहे हैं, जिसका मकसद सीमा पर तनाव में कमी लाना है।

तालिबान ने PAK को सुनाई खरी खोटी

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि ये तत्व पाकिस्तान की आंतरिक समस्याओं, असुरक्षा और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की ओर से किए गए हमलों के लिए तालिबान सरकार को दोषी ठहराने की कोशिश कर रहे हैं। मुजाहिद ने कहा कि अफगानिस्तान किसी को भी “किसी अन्य देश के खिलाफ अपने क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगा, न ही ऐसी किसी कार्रवाई की अनुमति देगा, जो उसकी संप्रभुता या सुरक्षा को कमजोर करती हो।”

उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “पाकिस्तान की सेना और खुफिया सेवाओं के भीतर कुछ तत्व जानबूझकर शांति प्रक्रिया को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस्लामिक अमीरात के अच्छे इरादों और मध्यस्थों के प्रयासों के बावजूद, पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के गैर-जिम्मेदाराना और असहयोगी रवैये के कारण कोई नतीजा नहीं निकला।”

PAK-अफगान वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त

सनद रहे कि पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच शांति वार्ता ‘‘सीमा पार आतंकवाद’’ के जटिल मुद्दों से निपटने के लिए किसी समझौते के बिना समाप्त हो गई। शीर्ष अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्षों में गतिरोध बरकरार रहा। तीसरे दौर की वार्ता गुरुवार को शुरू हुई और दो दिनों तक जारी रही, लेकिन इसमें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए काबुल से लिखित प्रतिबद्धता प्राप्त करने में सफलता नहीं मिली। इन उग्रवादियों पर अफगान धरती का उपयोग करके पाकिस्तान के खिलाफ हमला करने का आरोप है।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शुक्रवार रात एक निजी टीवी चैनल को बताया कि वार्ता स्थगित कर दी गई है और “चौथे दौर की वार्ता का कोई कार्यक्रम नहीं है।” उन्होंने कहा, “पूर्ण गतिरोध है। वार्ता अनिश्चितकालीन दौर में प्रवेश कर गई है।” मंत्री ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव को कम करने के लिए तुर्किये और कतर के “ईमानदार प्रयासों” के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article