Thailand School Shooting News: थाईलैंड के नोंथाबुरी प्रांत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह 'थेपसिरिन नोंथाबुरी स्कूल' (Thepsirin Nonthaburi School) में हुई भीषण गोलीबारी में तीन शिक्षकों, तीन छात्रों और संदिग्ध हमलावर समेत कम से कम सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस अंधाधुंध गोलीबारी की घटना से पूरे देश में शोक और सनसनी की लहर दौड़ गई है।
नोंथाबुरी प्रांतीय आपदा निवारण एवं शमन कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सुबह 11:40 बजे तक की रिपोर्ट में घटना की विस्तृत जानकारी सामने आई है। बताया गया कि घटना में कुल 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रधानमंत्री ने जताया गहरा शोक, गन परमिट पर सख्त रुख
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए थाईलैंड के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अनुतिन चार्नविराकुल (Anutin Charnvirakul) ने उच्चस्तरीय निर्देश जारी किए हैं। प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों को तत्काल सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता प्रदान करने का आदेश दिया है। इस भीषण घटना के बाद प्रधानमंत्री ने बंदूक लाइसेंस के नवीनीकरण के खिलाफ सरकार के कड़े रुख को दोहराया है और देश में हथियार नियंत्रण कानूनों को और सख्त करने के संकेत दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हमलावर एक छात्र था जिसने गोलीबारी के बाद खुदकुशी कर ली; यह घटना बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित नोंथाबुरी प्रांत में हुई है। देखा गया कि स्कूल में इमरजेंसी सर्विस के लोग तेजी से घटनास्थल पर पहुंचते हैं और छात्रों को कैंपस से बाहर निकालते है। एम्बुलेंस घायलों को ले जा रही थीं और बचाव दल के लोग पीड़ितों की मदद कर रहे थे। एक व्यक्ति एम्बुलेंस के बाहर स्ट्रेचर पर लेटा हुआ दिखा, जिसका इलाज एक मेडिकल कर्मी कर रहा था। 18 साल के एक छात्र ने रॉयटर्स को बताया कि शुरू में उसे लगा कि यह आवाज़ पटाखे फूटने या किसी चीज के टकराने की है।
