शहर

गुरुग्राम में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा; भरभराकर गिरी स्कूल की दीवार, मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत

गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-2 में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां वसंत वैली स्कूल की पुरानी दीवार अचानक ढह गई। हादसे के वक्त दीवार के पास बारिश से बचने के लिए बैठे दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Image

मेरठ के रहने वाले थे मृतक (प्रतीकात्मक फोटो)

Gurugram Wall Collapse: गुरुग्राम समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश हो रही है। इसी बीच मिलेनियम सिटी के डीएलएफ फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। स्कूल परिसर में पुरानी इमारत की करीब 8 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दीवार के पास बैठे दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी 45 वर्षीय दयानंद और 35 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। दोनों अन्य चार साथियों के साथ स्कूल परिसर में पेड़ हटाने और उनकी जगह नए पौधे लगाने के काम के लिए पहुंचे थे।

अचानक ढही दीवार

बताया जा रहा है कि बारिश के कारण दयानंद और सूरज कुछ देर के लिए पुराने भवन के पास बनी दीवार के नजदीक बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। साथियों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। वसंत वैली स्कूल में इन दिनों विस्तार और नए निर्माण का काम चल रहा है। इसी क्रम में पुरानी बिल्डिंग की करीब 9 इंच मोटी और 8 फीट ऊंची दीवार को हटाकर वहां नए सिरे से निर्माण किया जाना था।

मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जल्द होगी

हादसे के वक्त इसी परिसर में मजदूर पेड़ लगाने का काम कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर न तो बारिश के कारण जलभराव मिला और न ही किसी तरह की खुदाई की गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान के बाद मेरठ स्थित उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article