Filmfare Awards Marathi 2026: मराठी सिनेमा अब सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रह गया है। फिल्मफेयर मराठी अवॉर्ड्स 2026 (Filmfare Awards Marathi 2026) के मौके पर सितारों ने इस बदलते दौर पर खुलकर बात की। रेड कार्पेट पर पहुंचे आदिनाथ कोठारे (Addinath Kothare) और रेणुका शहाणे (Renuka Shahane) का मानना है कि अब भाषा फिल्मों की सबसे बड़ी ताकत बन रही है, कमजोरी नहीं। दोनों कलाकारों ने कहा कि आज दर्शक अच्छी कहानी के लिए किसी भी भाषा की फिल्म देखने को तैयार हैं। यही वजह है कि मराठी फिल्मों को देशभर में पहले से ज्यादा पहचान मिल रही है और उनका दायरा लगातार बढ़ रहा है।
रेणुका शहाणे ने की तारीफ
रेणुका शहाणे ने मराठी इंडस्ट्री की तारीफ की कि वो नए टैलेंट को सपोर्ट कर रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे बहुत खुशी है कि प्रोड्यूसर्स नए डायरेक्टर्स को मौका दे रहे हैं और अपना पैसा लगा रहे हैं। क्योंकि अगर स्क्रिप्ट अच्छी हो और फिल्म अच्छी बने तो लोग देखने को तैयार हैं। अब दुनिया खुल गई है, सबटाइटल्स के साथ फिल्में देखी जा सकती हैं। भाषा की दीवार टूट गई है और मुझे लगता है मराठी सिनेमा को इससे फायदा मिला है।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें:भगवान राम का किरदार निभाने वाले थे Salman Khan, सोहेल खान की वजह से बंद हुई थी 'Ramayana'
आदिनाथ कोठारे ने दिया ये रिएक्शन
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मराठी 2026 की रेड कार्पेट पर 'रामायण' फेम आदिनाथ कोठारे ने जूम को बताया कि वे सभी नॉमिनेटेड फिल्मों के साथ हैं और ये तय करना मुश्किल है कि सबसे अच्छी कौन है। एक्टर ने कहा कि ओटीटी ने मराठी सिनेमा का खेल बदल दिया है। उन्होंने कहा, 'ओटीटी की वजह से अब भाषा कोई बाधा नहीं रही।' उन्होंने रणबीर के साथ काम को 'एकदम मजेदार' बताया। आदिनाथ कोठारे ने आगे कहा, 'पहले दिन से ही मैं काफी खुश हूं। सब कुछ इतना कमाल का लगा। जब मेरा हिस्सा आया तो रोंगटे खड़े हो गए। इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान और आशीर्वाद है।'
छाया कदम ने करियर को लेकर दी जानकारी
ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट की एक्ट्रेस छाया कदम ने बताया कि जब लोगों ने किरण राव की फिल्म को लेकर लंबे-लंबे मैसेज भेजने शुरू किए तो उन्हें उसका असर महसूस हुआ। उनके लिए किरदार फिल्म खत्म होने के साथ खत्म नहीं होता। वे उस किरदार से दोस्ती कर लेती हैं और उसके अच्छे-बुरे दोनों पहलुओं पर सोचती रहती हैं। उन्होंने समझाया, “वो किरदार जिंदगी भर आपके साथ रहता है। मेरे साथ भी यही हुआ। मंजू माई ने मेरा कॉन्फिडेंस बढ़ा दिया। उनकी अकेले रहने की फैसला, कई महिलाओं और पुरुषों ने मुझे लिखा कि वे इससे प्रेरित हुए। जिस तरह मंजू माई ने उनका हौसला बढ़ाया, उसी तरह उन्होंने मेरा भी कॉन्फिडेंस बढ़ाया है।'
ये स्टार्स भी आए नजर
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मराठी 2026 में इन दोनों स्टार्स के अलावा और सितारे नजर आए। रेड कार्पेट पर अभिषेक बनर्जी, प्रिया बापट और वैभव तत्ववादी समेत कई अन्य सितारे भी मौजूद थे। उन्होंने मराठी फिल्म इंडस्ट्री में आ रहे बदलावों पर बात की। बॉलीवुड स्टार अनन्या पांडे भी अवॉर्ड देने के लिए समारोह में पहुंचीं।
