दुनिया

कोर्ट में डोनाल्ड ट्रंप बोले-मैं बेकसूर हूं, चुनावी नतीजों को पलटने की साजिश रचने का है आरोप

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Aug 4, 2023, 07:51 AM IST

Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव नतीजे आने के बाद छह जनवरी 2020 को ट्रंप के समर्थकों ने अमेरिकी संसद यूएस कैपिटल का घेराव करते हुए उस पर हमला किया था। इस मामले में ट्रंप को आरोपी बनाया गया। गत मंगलवार को ट्रंप पर अभियोग लगाए गए।

Image

कोर्ट में ट्रंप ने खुद को निर्दोष बताया।

Photo : AP

Donald Trump : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार को वाशिंगटन की एक अदालत में पेश हुए। 2020 के चुनावी नतीजों को पलटने की साजिश रचने के आरोपों पर ट्रंप ने कोर्ट में कहा कि वह निर्दोष हैं। कोर्ट इस मामले की सुनवाई अब 28 अगस्त को करेगा। कोर्ट में पेशी के बाद ट्रंप वहां से रवाना हो गए। सीएनएन की रिपोर्ट के बाद मजिस्ट्रेट मोक्सिला उपाध्याय ने मामले की सुनवाई करने के बाद इसे 28 अगस्त तक के लिए टाल दिया। इस केस की अगली सुनवाई अब जिला जज तान्या चुटकन की अदालत में होगी।

ट्रंप पर चुनाव नतीजों को पलटने का आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव नतीजे आने के बाद छह जनवरी 2020 को ट्रंप के समर्थकों ने अमेरिकी संसद यूएस कैपिटल का घेराव करते हुए उस पर हमला किया था। इस मामले में ट्रंप को आरोपी बनाया गया। गत मंगलवार को ट्रंप पर अभियोग लगाए गए। रिपब्लिकन पार्टी के नेता एवं पूर्व राष्ट्रपति पर आरोप है कि चुनाव के नतीजों को पलटने के लिए इन्होंने हिंसक साजिश रची। ट्रंप पर चार आरोप तय हुए हैं। कोर्ट में मौजूद ट्रंप से जज ने पूछा कि वह अपने ऊपर लगे इन चार आरोपों का बचाव कैसे करेंगे तो ट्रंप ने जवाब दिया कि 'वह दोषी नहीं हैं।'

कई आरोपों का सामना कर रहे हैं ट्रंप

कोर्ट में पेशी की खबर पाकर ट्रंप के समर्थक बड़ी संख्या में अदालत के बाहर जुटे थे। उनके हाथों में ट्रंप के समर्थन में नारे लिखे तख्तियां थीं। ट्रंप अपने अटार्नी जॉन लाउरो एवं टॉड ब्लेंचे के साथ अदालत में पेश हुए। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ कई अन्य केस भी चल रहे हैं। उन पर चुनावों के दौरान पोर्न स्टार को चुप रहने के लिए भुगतान करने और राष्ट्रपति पद से हटने के बाद गोपनीय एवं संवेदनशील दस्तावेजों को अपने साथ ले जाने का आरोप है। हालांकि, अपने खिलाफ चल रहे इन मामलों को ट्रंप ने राजनीति से प्रेरित बताया है। ट्रंप का आरोप है कि 2024 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से उन्हें रोकने की साजिश की जा रही है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article