दुनिया

अमेरिका में चीन के लिए जासूसी का जुर्म कबूलने के बावजूद चीनी असंतुष्ट को नहीं मिली जेल, कोर्ट ने सुनाई यह सजा

Yuanjun Tang: अमेरिका में अपने ही साथी कार्यकर्ताओं की पांच साल तक चीन के लिए जासूसी करने का अपराध स्वीकार करने के बावजूद चीनी असंतुष्ट युआनजुन तांग को मैनहट्टन की अदालत ने जेल की सजा से राहत दे दी है।

Image

अमेरिका में चीन के लिए जासूसी का जुर्म कबूलने के बावजूद चीनी असंतुष्ट को नहीं मिली जेल, कोर्ट ने सुनाई यह सजा

Chinese Dissident Spying: न्यूयॉर्क में चीन के असंतुष्ट समुदाय के एक सदस्य को अपने साथी कार्यकर्ताओं की पांच साल तक चीन सरकार के लिए जासूसी करने की बात स्वीकार करने के बावजूद बृहस्पतिवार को मैनहट्टन की संघीय अदालत ने जेल की सजा नहीं सुनाई। युआनजुन तांग (69) तीन दशक से अधिक समय से चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के मुखर आलोचक रहे हैं। न्यायाधीश जॉन जी. कोएल्टल ने उन्हें तीन साल की परिवीक्षा की सजा सुनाई। न्यायाधीश ने कहा कि कुछ लोगों के इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी कि तांग की गतिविधियों के कारण उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से निशाना बनाया गया था।

अमेरिकी सहायक अटॉर्नी जेन चोंग ने न्यायाधीश से तांग को पांच साल की जेल की सजा देने का अनुरोध किया था। यह अधिकतम सजा थी, जो तांग को मिल सकती थी। उन्होंने सितंबर 2025 में इस आरोप को स्वीकार कर लिया था कि उन्होंने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल के कार्यालय में चीन सरकार के एजेंट के रूप में अपना पंजीकरण नहीं कराया था।

कहां घूमी कहानी?

वहीं, बचाव पक्ष के वकील माइकल ब्रैडली ने कहा कि उनके मुवक्किल लोकतंत्र समर्थक, लेखक और कार्यकर्ता हैं। वह अपने बीमार माता-पिता और भाई से मिलने के लिए चीन लौटने की बेहद इच्छा रखते थे और इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने उन्हें चीन जाने में मदद करने का भरोसा दिलाया था।

वकील ने कहा कि तांग को चीन पहुंचने के बाद ही पता चला कि वह व्यक्ति जासूस था। वहां पहुंचने पर उन्हें यह भी पता चला कि उनकी मां और भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। तांग ने कहा कि उन्होंने चीन जाकर 'अपने माता-पिता से मिलने' की इच्छा में अपने सिद्धांतों से समझौता किया। उन्होंने कहा, 'मुझे अपने किए पर गहरा पछतावा है। मेरे कार्यों से कुछ लोगों को नुकसान पहुंचा है।'

तांग का इतिहास

तांग को अक्टूबर 2024 में गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी से पहले चीन की ओर से विदेशों में असंतुष्टों को परेशान करने और उनकी आवाज दबाने की कोशिशों से जुड़े कई चर्चित मामलों की जांच हुई थी।

चोंग ने कहा कि तियानमेन चौक के प्रमुख प्रदर्शनकारी रहे तांग ने अमेरिका में लोकतंत्र समर्थक आंदोलन से जुड़े अपने साथियों के साथ विश्वासघात किया। चोंग ने कहा कि तांग ने कम से कम 2018 से 2023 के बीच दर्जनों लोगों की जानकारी चीनी अधिकारियों को दी थी।

सजा सुनाए जाने के दौरान उन चार लोगों ने भी अपनी बात रखी, जिनका मानना है कि वे तांग की जासूसी के शिकार हुए हैं। उनमें से कई ने कहा कि अमेरिका में उनकी गतिविधियों का खुलासा होने के बाद चीन में उनके परिवार के सदस्यों की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई।

अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, एक चीनी खुफिया अधिकारी के निर्देश पर तांग चीन के खिलाफ होने वाले स्थानीय विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें लेने और उनकी रिकॉर्डिंग करने के लिए सहमत हो गए थे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article