Jensen Huang : AI के लिए चिप बनाने वाली अग्रणी कंपनी एनवीडिया के सह संस्थापक जेनसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कथित रूप से चीनी एजेंट महिला के साथ संबंध रखने के मामले में उन्हें अमेरिकी कांग्रेस के समक्ष पेश होना होगा। हुआंग कांग्रेस के समक्ष पेश होने के लिए सहमत हो गए हैं। यूएस कांग्रेस महिला के साथ उनके संबंधों को लेकर पूछताछ करेगी। इस बीच, रिपब्लिकन सांसदों ने संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा में सेंधमारी को लेकर अपनी जांच तेज कर दी है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक हाउस के रिपब्लिकन नेता हुआंग और एनवीडिया के साथ बंद कमरे में बातचीत कर रहे हैं। उम्मीद है कि हुआंग अगले सप्ताह कांग्रेस के समक्ष पेश हो सकते हैं।
हुआंग ने तत्काल प्रभाव से दिया इस्तीफा
बता दें कि हुआंग ने बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से कंपनी के अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और निदेशक मंडल के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग की जगह एपल के सीईओ टिम कुक को कंपनी का नया सीईओ बनाने का सुझाव दिया है। हालांकि हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी ने मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही एनवीडिया ने स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है।
अंतरिम सीईओ बनी हैं कोलेट क्रेस
कंपनी ने कहा कि निदेशक मंडल स्थायी सीईओ के चयन के लिए आंतरिक और बाहरी, दोनों तरह के उम्मीदवारों पर विचार करेगा। क्रेस अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभालने के साथ सीएफओ का दायित्व भी निभाती रहेंगी। इसके अलावा अमेरिकी कंपनी ने हार्वे सी. जोन्स को निदेशक मंडल का पहला अध्यक्ष भी नियुक्त किया है। जोन्स इससे पहले चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर कंपनी सिनॉप्सिस के सीईओ और कार्यकारी चेयरमैन रह चुके हैं। जोन्स ने क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाए जाने पर कहा, 'कोलेट ने एनवीडिया की असाधारण वृद्धि के दौर में नेतृत्व करने में मदद की है। उन्हें हमारे कारोबार, ग्राहकों, परिचालन और वित्तीय स्थिति की गहरी समझ है।’
FBI कर रही मामले की जांच
क्रेस ने कहा कि वह 'पिछले 33 वर्षों में जेनसन (हुआंग) की ओर से तैयार की गई असाधारण नींव को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ हुआंग के इस्तीफे से कुछ दिन पहले मीडिया में उनके एक चीनी कारोबारी महिला के साथ विवाहेतर संबंध होने की खबरें आई थीं। अमेरिकी अधिकारियों को इस महिला पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह जताया था। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने इसके बाद स्वतंत्र जांच शुरू की थी कि कहीं हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा था कि संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) इस मामले की जांच कर रहा है। हालांकि, कंपनी ने हुआंग के इस्तीफे का इन आरोपों से कोई संबंध नहीं बताया है। इस बीच, एनवीडिया ने कहा कि वह जुलाई-सितंबर तिमाही के नतीजे 17 नवंबर को अपने पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी करेगी।
