इजराइल और हमास के बीच जारी सीजफायर और दो दिनों के लिए बढ़ गई है। हमास के साथ समझौता होने के बाद अब और बंधक दोनों तरफ से रिहा किए जाएंगे। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि इजराइल-हमास युद्धविराम को अगले दो दिनों के लिए बढ़ाने पर सहमति बन गई है। इजराइल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष में मिस्र के साथ कतर प्रमुख मध्यस्थ रहा है। यह घोषणा युद्धरत पक्षों के बीच चार दिवसीय युद्धविराम के अंतिम दिन हुई।
बनाया जा रहा था दबाव
बता दें कि इससे पहल खबर आई थी कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थ गाजा में संघर्ष-विराम को बढ़ाने के लिए दबाव डाल रहे हैं जो सोमवार को समाप्त होने वाला था। इस संघर्ष-विराम ने पिछले कुछ दशकों में सबसे घातक इजराइली-फलस्तीनी हिंसा को रोक दिया है।
ये देश थे मध्यस्थता में शामिल
इज़राइल ने कहा है कि वह प्रत्येक 10 अतिरिक्त बंधकों की रिहाई के लिए संघर्ष विराम को एक दिन बढ़ा देगा। हमास ने यह भी कहा है कि उसे चार दिवसीय संघर्ष विराम के विस्तार की उम्मीद है, जो संयुक्त राज्य अमेरिका, कतर और मिस्र की मध्यस्थता में कई हफ्तों की अप्रत्यक्ष वार्ता के बाद शुक्रवार को लागू हुआ। लेकिन इज़राइल का यह भी कहना है कि वह 7 अक्टूबर को दक्षिणी इज़राइल पर हमले के बाद हमास की सैन्य क्षमताओं को कुचलने और गाजा पर उसके 16 साल के शासन को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
62 बंधक रिहा
अब तक 62 बंधकों को रिहा किया जा चुका है, एक को इजराइली बलों ने मुक्त कराया, वहीं दो गाजा में मृत मिले हैं। इजराइल अमेरिका की दोहरी नागरिकता रखने वाली चार साल की आबिगैल इदन को रविवार को रिहा किया गया था। हमास ने रविवार को 14 इजराइलियों समेत 17 और बंधकों को मुक्त कर दिया था। चार दिन के युद्ध-विराम के तहत यह बंधकों और कैदियों की तीसरी अदला-बदली है। इजराइल ने भी बदले में 39 फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया है।
