UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर होने वाली चर्चा का मंच तैयार हो गया है। दोनों दलों के नेताओं के बीच चुनावी रणनीति पर 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में दो दिवसीय बैठक होगी। हालांकि, इस बैठक में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल शामिल नहीं होंगे।
इस बैठक में सपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने के संभावना है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सपा का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेगा। इस बैठक में अखिलेश यादव, शिवपाल यादव या धर्मेंद्र यादव शामिल नहीं होंगे, बल्कि सपा ने सीट शेयरिंग पर चर्चा की जिम्मेदारी रामगोपाल यादव को सौंपी है।
अखिलेश ने इन नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी
- राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव
- प्रदेशाध्यक्ष श्यामलाल पाल
- सांसद राजीव राय
- सांसद इकरा चौधरी
सपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। सपा ने बताया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2027) हेतु समाजवादी पार्टी की ओर से INDIA गठबंधन के सीट समझौते के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा एक कमेटी गठित की गई जिसमें रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय, सांसद इकरा चौधरी शामिल हैं।
चर्चा का एजेंडा क्या?
दोनों दलों के बीच इस चर्चा का मुख्य एजेंडा सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बनाना होगा। इस दौरान, दोनों दल सीटों को लेकर अपना-अपना दावा करेंगे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि चर्चा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर होने वाली है।
