देश

दिल्ली में 29 नवंबर को RSS का भव्य कार्यक्रम ‘राष्ट्र वंदनम्’, सरसंघचालक मोहन भागवत करेंगे संबोधित

‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में डॉ. मोहन भागवत संघ की नई शताब्दी में दिशा, संगठन के कार्य विस्तार, सामाजिक सहभागिता और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे। साथ ही स्वयंसेवकों की भूमिका और विश्व में भारत की बढ़ती भूमिका के लिए समाज की तैयारी पर भी प्रकाश डालेंगे।

Image

मोहन भागवत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अपनी शताब्दी वर्ष की यात्रा पूरी करने के बाद अब नई शताब्दी में प्रवेश के साथ संगठन की आगामी दिशा और योजनाओं को लेकर दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। संघ की ओर से 29 नवंबर को राजधानी के रोहिणी सेक्टर-23 में ‘राष्ट्र वंदनम्’ नाम से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।

इस दौरान डॉ. मोहन भागवत संघ की नई शताब्दी में दिशा, संगठन के कार्य विस्तार, सामाजिक सहभागिता और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे। साथ ही स्वयंसेवकों की भूमिका और विश्व में भारत की बढ़ती भूमिका के लिए समाज की तैयारी पर भी प्रकाश डालेंगे।

‘समरसता स्थल’ पर होगा कार्यक्रम

रोहिणी सेक्टर-23 स्थित जिस मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, उसे ‘समरसता स्थल’ नाम दिया गया है। कार्यक्रम में दिल्ली के हजारों पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवक शामिल होंगे। इस दौरान स्वयंसेवकों की ओर से शारीरिक प्रदर्शन और घोष वादन भी प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता की झलक भी देखने को मिलेगी।

शताब्दी वर्ष में संपर्क में आए लोगों को भी न्योता

संघ की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शताब्दी वर्ष के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के लिए व्यापक स्तर पर संपर्क और संवाद अभियान चलाए गए थे। वर्ष 2025 में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की व्याख्यानमाला के साथ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की शुरुआत हुई थी। इसके बाद व्यापक गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, सद्भाव गोष्ठियां, युवा सम्मेलन और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके अलावा बस्ती स्तर पर विजयादशमी के कार्यक्रम भी हुए। इन अभियानों के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों और समाज की सज्जन शक्ति के साथ संघ का संवाद और संपर्क स्थापित हुआ। ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में इन सभी लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का संदेश

संघ का कहना है कि व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के ध्येय के साथ संगठन नई शताब्दी में प्रवेश कर चुका है। परिवार और शाखा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा विभिन्न वर्गों की सज्जन शक्ति को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।

संघ के दिल्ली प्रांत संघचालक डॉ. अनिल अग्रवाल के अनुसार, ‘राष्ट्र वंदनम्’ केवल स्वयंसेवकों का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट और प्रतिष्ठित लोगों की भी भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के जरिए संघ अपनी आगामी प्राथमिकताओं और सामाजिक सहभागिता को लेकर व्यापक संदेश देने की तैयारी में है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article