राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले 'SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' का समापन हो गया है। इस तीन दिवसीय सम्मेलन के बाद 'इंद्रप्रस्थ कम्युनिक'नाम से एक परिणाम दस्तावेज भी जारी किया गया है। इस दस्तावेज में दुनिया की हर सभ्यता को समान सम्मान देने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और अवैध तस्करी से ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा करने पर जोर दिया गया है।
बता दें कि इस SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 नवंबर को किया था। इसमें SCO के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह कि इसमें पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मलिक भी सम्मेलन में शामिल हुए।
हर सभ्यता को मिले समान सम्मान
SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के घोषणापत्र में कहा गया कि हर सभ्यता को समान आवाज और सम्मान मिलना चाहिए। दस्तावेज में वास्तुकला, संगीत, खानपान और वस्त्रों के क्षेत्र में विभिन्न देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को पर भी जोर दिया। इस घोषणापत्र में संस्कृति को देशों के बीच मित्रता और अच्छे पड़ोसी संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।
AI और तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर
SCO के इस दस्तावेज में सांस्कृतिक धरोहरों तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के रचनात्मक इस्तेमाल की वकालत की गई। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और अवैध तस्करी से ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक संपत्तियों को सुरक्षित रखने की जरूरत बताई गई।
भारत-पाकिस्तान के बीच नहीं हुई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता
सम्मेलन में पाकिस्तान के प्रतिनिधि की मौजूदगी के बीच भारत और पाकिस्तान के बीच किसी औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत को लेकर भी सवाल उठे। इस पर केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि दोनों देशों के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने बताया कि भोज और सम्मेलन के दौरान भारतीय पक्ष के सदस्यों की पाकिस्तानी प्रतिनिधि से अनौपचारिक बातचीत हुई थी।
