दुनिया

'दो रूसी महिलाओं के साथ थे संबंध'...बिल गेट्स ने एप्स्टीन के साथ संबंधों पर खुलकर की बात

वॉल स्ट्रीट जर्नल में मंगलवार को छपी एक खबर में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे और उन्होंने ऐसी गलतियां कीं जिसके कारण परोपकार में लगे उनके समूह की छवि संदेह के दायरे में आई।

Image

एपस्टीन केस फाइल में बिल गेट्स ने मानी अपनी गलती

Photo : AP

अमेरिकी उद्यमी व माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने मंगलवार को अपने गैर-लाभकारी संगठन 'गेट्स फाउंडेशन' की टाउन हॉल बैठक में यौन अपराध के मामलों में दोषी जेफ्री एप्स्टीन से अपने संबंध के बारे में बात की और अपने कृत्यों की जिम्मेदारी ली। गेट्स फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि बिल गेट्स ने खुलकर बात की और कई सवालों के विस्तार से जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने अपने संगठन के कर्मचारियों से माफी मांगी, लेकिन इस बात पर जोर दिया है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया।

दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे

वॉल स्ट्रीट जर्नल में मंगलवार को छपी एक खबर में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे और उन्होंने ऐसी गलतियां कीं जिसके कारण परोपकार में लगे उनके समूह की छवि संदेह के दायरे में आई। हालांकि उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने एप्स्टीन के अपराधों में भाग नहीं लिया। अमेरिकी न्याय मंत्रालय द्वारा जारी एप्स्टीन मामले की जांच से संबंधित दस्तावेजों में गेट्स का नाम कई बार सामने आया है। न्याय मंत्रालय की फाइल में गेट्स और एप्स्टीन के बीच परमार्थ परियोजनाओं के बारे में ईमेल पत्राचार, उनकी मुलाकातों की तारीखों को दर्शाने वाली कैलेंडर प्रविष्टियां और उन कार्यक्रमों में गेट्स की तस्वीरें शामिल हैं जिनमें दोनों उपस्थित थे।

कहा- एप्स्टीन के गलत काम में शामिल नहीं था

बिल गेट्स पर एप्स्टीन से जुड़े किसी भी गलत काम में संलिप्तता का आरोप नहीं है और उन्होंने एप्स्टीन के अपराधों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है। गेट्स ने कहा कि वह एप्स्टीन से परर्मार्थ कार्यों के बारे में चर्चा करने के लिए मिले थे और उन्हें विश्वास था कि एप्स्टीन वैश्विक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों के लिए धन जुटाने में मदद कर सकते हैं। गेट्स ने इस महीने की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के 9न्यूज को बताया ता कि उनके साथ बिताए हर पल पर मुझे पछतावा है और मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।

गेट्स दंपती के जीवन में आईं मुश्किलें

पिछले महीने न्याय मंत्रालय ने एप्स्टीन से संबंधित लाखों दस्तावेज जारी किए थे जिसके बाद से इस मामले में गेट्स की तस्वीरों और उनके नाम के जिक्र ने लोगों का काफी ध्यान आकर्षित किया है। पिछले सप्ताह गेट्स ने नयी दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में संबोधन से अपना नाम वापस ले लिया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ध्यान एआई समिट की प्रमुख प्राथमिकताओं पर ही केंद्रित रहे। मेलिंडा फ्रेंच गेट्स 2024 में गेट्स फाउंडेशन से अलग हो गई थीं और उन्होंने 'पिवटल वेंचर्स' के माध्यम से परोपकारी कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया। मेलिंडा ने एप्स्टीन से बिल गेट्स के संबंधों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उनके पूर्व पति को एप्स्टीन से जुड़े मामलों के लिए जवाब देना होगा। गेट्स और फ्रेंच गेट्स दोनों ने कहा है कि एप्स्टीन के साथ उनके संबंधों ने उनके वैवाहिक जीवन में समस्याएं पैदा कीं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article