G20 Meeting: अमेरिका ने शुक्रवार को जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के पहले दिन प्रस्तावित सामूहिक फोटो सत्र रद्द कर दिया।दरअसल, यूरोप के कई देशों ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ तस्वीर खिंचवाने पर आपत्ति जताई थी और फोटो सत्र से बाहर जाने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद अमेरिका ने यह फैसला किया। बता दें कि जी-20, दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का समूह है।
G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में बढ़ा तनाव
इस कूटनीतिक बैठक की पारंपरिक शुरुआत में होने वाला फोटो सत्र रद्द किया जाना जी-20 देशों के बीच गहरे मतभेदों को दर्शाता है। ये मतभेद ऐसे वैश्विक संकटों को लेकर हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और व्यापार के लिए खतरा बने हुए हैं। अमेरिका के दो अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने विवाद को बैठक से ध्यान भटकाने वाला मानते हुए फोटो सत्र रद्द करने का फैसला किया।
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अटलांटा में होने वाली यह बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी। इस बैठक का मकसद दिसंबर में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मियामी स्थित गोल्फ क्लब में होने वाले जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की पृष्ठभूमि तैयार करना है। फोटो सत्र रद्द होने से इस आशंका को बल मिला है कि जी-20 देशों के राजनयिक कई विवादित मुद्दों पर सहमति बनाने में सफल नहीं हो पाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: होर्मुज में लगातार दूसरे दिन तेल टैंकर पर हमला, इंजन रूम में लगी आग, 27 भारतीय नाविकों की बाल-बाल बची जान
इन मुद्दों में रूस-यूक्रेन संघर्ष, ईरान के खिलाफ अमेरिका एवं इजरायल का युद्ध, अमेरिकी आयात शुल्क और दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियां शामिल हैं। इन सभी मुद्दों के कारण दुनिया भर में ईंधन की कीमतों में तेजी आई है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है।
