Interview Question Answer: नौकरी के लिए होने वाले जॉब इंटरव्यू के दौरान एचआर मैनेजर या इंटरव्यूअर द्वारा कई ऐसे सवाल पूछे जाते हैं, जो उम्मीदवार की काबिलियत, आत्मविश्वास और कंपनी के प्रति उसकी सोच को परखने के लिए डिजाइन किए जाते हैं। इन्हीं सबसे महत्वपूर्ण और अक्सर पूछे जाने वाले सवालों में से एक है—"What can you bring to the company?" यानी "आप इस कंपनी के लिए क्या नया और खास लेकर आ सकते हैं?"। यह सवाल सुनने में जितना सरल लगता है, इसका सटीक जवाब देना उतना ही चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कई बार अच्छी योग्यता होने के बावजूद सही तरीके से उत्तर न दे पाने के कारण उम्मीदवार पिछे रह जाते हैं। तो आइए आज जानते हैं इस महत्वपूर्ण सवाल का जवाब कैसे तैयार करें -
इंटरव्यूअर के इस सवाल के पीछे क्या होती है सोच?
जब इंटरव्यूअर आपसे यह पूछता है कि आप कंपनी को क्या दे सकते हैं, तो वह यह नहीं सुनना चाहता कि आपको नौकरी की कितनी जरूरत है, बल्कि वह यह जानने चाहते हैं कि आपकी वैल्यू क्या है, कंपनी को लेकर आपका व्यू-पॉइंट क्या है आदि। कभी भी सवाल का जवाब तैयार करते हुए इंटरव्यूअर के नजरिए के बारे में आपका जानना जरूरी है। What can you bring to the company? सवाल के पीछे इंटरव्यूअसर का नजरिया इस प्रकार है -
| आपकी वैल्यू | आपके पास ऐसा कौन सा कौशल (Skill), अनुभव या दृष्टिकोण है जो कंपनी की उत्पादकता या ग्रोथ में सीधे तौर पर योगदान दे सके? |
| कंपनी की रिसर्च | क्या आपने कंपनी की वर्तमान स्थिति, उसकी जरूरतों और उसके लक्ष्यों (Goals) को ठीक से समझा है या नहीं? |
| समस्या समाधान की क्षमता | क्या आप कंपनी की किसी मौजूदा समस्या को हल करने या उसके काम को आसान बनाने में सक्षम हैं? |
इस सवाल का जवाब देने का सही तरीका
इस सवाल का उत्तर देते समय घबराने या केवल किताबी रटी-रटाई बातें कहने के बजाय एक रणनीतिक तरीका अपनाना चाहिए -
कंपनी की जरूरत को समझें
इंटरव्यू में जाने से पहले कंपनी के बारे में पूरी रिसर्च करें। यह देखें कि हाल ही में कंपनी किस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है या उसे किस तरह के टैलेंट की तलाश है। अपने उत्तर में उसी से जुड़े पॉइंट्स रखें।
अपने मुख्य कौशल को हाईलाइट करें
आपकी तकनीकी दक्षता, संवाद कौशल, टीम वर्क या लीडरशिप क्वालिटी—इनमें से जो भी उस पद के लिए सबसे उपयुक्त हो, उसे आत्मविश्वास के साथ सामने रखें।
पिछले अनुभवों का उदाहरण दें
केवल यह न कहें कि आप बहुत मेहनती हैं, बल्कि यह बताएं कि आपने अपनी पिछली जॉब या कॉलेज प्रोजेक्ट्स में किस प्रकार कठिन परिस्थितियों को संभालते हुए अच्छे परिणाम दिए थे।
उत्तर देने के 3 शानदार उदाहरण
उदाहरण 1
"सर/मैम, एक फ्रेशर के तौर पर, मैं अपने साथ एक नया नज़रिया, भरपूर ऊर्जा और सीखने की गहरी ललक लेकर आया हूँ। अपनी पढ़ाई के दौरान, मैंने [क्षेत्र का नाम बताएं] में बेहतरीन एनालिटिकल और टेक्निकल स्किल्स विकसित की हैं। मैं किसी भी माहौल में आसानी से ढल सकता हूँ और कंपनी के साथ आगे बढ़ते हुए, टीम को उसके लक्ष्य हासिल करने में मदद करने के लिए अपना 100% देने को तैयार हूँ।"
उदाहरण 2
"मेरे पास प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और क्लाइंट हैंडलिंग में 3 साल से ज़्यादा का व्यावहारिक अनुभव है। अपनी पिछली भूमिका में, मैंने प्रक्रियाओं को इस तरह बेहतर बनाया कि ऑपरेशनल समय में 15% की कमी आई। मैं यहाँ भी उन्हीं कारगर रणनीतियों को लागू करना चाहता हूँ, ताकि हमारी टीम की कुल कार्यक्षमता (efficiency) को और बढ़ाया जा सके।"
उदाहरण 3
"मैं इस कंपनी में अपनी मजबूत समस्या-समाधान क्षमता और नई तकनीक को तेजी से सीखने की खूबी लेकर आता हूं। मैं केवल अपने लक्ष्यों को पूरा करने पर ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के साथ मिलकर कंपनी के दीर्घकालिक लक्ष्यों को हासिल करने में योगदान देना चाहता हूं।"
गलतियों से बचें और ये टिप्स अपनाएं
यह न कहें कि "मेरे बिना कंपनी चल ही नहीं सकती।" हमेशा अपनी बात विनम्रता और टीम-भावना के साथ रखें। "मैं बहुत मेहनती हूं" या "मैं ईमानदार हूं"—ये ऐसी बातें हैं जो हर कोई कहता है। इसके बजाय अपने विशिष्ट कौशल और उपलब्धियों पर बात करें। जवाब देते समय चेहरे पर सकारात्मक मुस्कान, आंखों में संपर्क और स्पष्ट आवाज रखें ताकि आपका आत्मविश्वास साफ झलके।
