All-Party Delegation: भारतीय सांसदों के दो सर्वदलीय शिष्टमंडल का रूस और जापान दौरा संपन्न हो गया। संजय झा के नेतृत्व वाले सर्वदलीय शिष्टमंडल ने जापान की अपनी यात्रा समाप्त की, जबकि लोकसभा सदस्य कनिमोई के नेतृत्व वाले शिष्टमंडल ने रूस की यात्रा संपन्न की। शिष्टमंडल ने आतंकवाद विरोधी उपायों पर व्यापक चर्चा करने और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में अपने ‘‘जांचे-परखे’’ मित्र रूस को जानकारी देने के बाद शनिवार को रूसी राजधानी की अपनी यात्रा संपन्न की।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) की लोकसभा सदस्य कनिमोई के नेतृत्व में शिष्टमंडल पाकिस्तान प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अवगत कराने के लिए रूस की यात्रा पर है। यह यात्रा पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के लगभग एक महीने बाद हो रही है।
शिष्टमंडल का रूस दौरा संपन्न
यात्रा के अंत में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शिष्टमंडल ने रूस को एक ‘‘करीबी और परखा हुआ’’ दोस्त बताया। शिष्टमंडल के सदस्यों ने मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हम स्वाभाविक रूप से यह समझते हैं कि मुश्किल समय में रूस हमारे साथ है। यह जरूरी है कि लोग पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के कारण हमारी पीड़ा के बारे में जानें।’’
प्रेस वार्ता के दौरान कनिमोई ने रूस यात्रा को ‘‘भारत के रुख को स्पष्ट करने का एक शानदार अवसर’’ बताया और कहा, ‘‘पाकिस्तान आतंकवादियों को बचाने का विकल्प चुनता है, वे आगे बढ़ते हैं और दुष्प्रचार करते हैं। हमने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। भारत का रुख बहुत स्पष्ट है, अगर पाकिस्तान हम पर हमला करना जारी रखेगा, तो हम शांति वार्ता के लिए आगे नहीं आएंगे।’’
भारतीय शिष्टमंडल के सदस्यों ने अपनी यात्रा समाप्त करने से पहले मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्लोवेनिया के लिए रवाना हो गए।
शिष्टमंडल का जापान दौरा संपन्न
भारतीय सांसदों के शिष्टमंडल ने जापान के राजनीतिक नेतृत्व, नीति निर्माताओं, मीडिया और भारतीय समुदाय के साथ व्यापक चर्चा के बाद शनिवार को अपनी यात्रा संपन्न की और कहा कि वे आतंकवाद के खिलाफ नयी दिल्ली की लड़ाई में टोक्यो के स्पष्ट समर्थन से बहुत उत्साहित हैं। जद(यू) के राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा के नेतृत्व में वाले शिष्टमंडल में विदेश मंत्री ताकेशी इवाया, पूर्व प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा, राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष ताकाशी एंडो और प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष फुकुशिरो नुकागा से मुलाकात की।
