Gold and Silver Prices Crash Explained: सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ समय से लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। कुछ महीने पहले तक ये दोनों कीमती धातुएं रिकॉर्ड ऊंचाई पर थीं। निवेशकों में सोना-चांदी खरीदने की होड़ लगी थी। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। सोने और चांदी के भाव तेजी से नीचे आ रहे हैं। खास बात यह है कि चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले कहीं ज्यादा गिरावट आई है। जिस चांदी ने जनवरी में 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया था, वह अब करीब 1.58 लाख रुपये पर आ गई है। इसी तरह सोना भी अपने रिकॉर्ड भाव से करीब 29 प्रतिशत टूट चुका है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि सोने-चांदी की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट आ गई? क्या अमेरिकी डॉलर की मजबूती इसकी सबसे बड़ी वजह है? क्या अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने निवेशकों का भरोसा कमजोर कर दिया है? और क्या आने वाले दिनों में सोने-चांदी के भाव फिर से संभल सकते हैं? आइए समझते हैं।
सोने और चांदी की कीमतों में कितनी बड़ी गिरावट आई?
सोने की कीमतों में आई गिरावट का अंदाजा दिल्ली के सर्राफा बाजार के भाव से लगाया जा सकता है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 5,200 रुपये सस्ता होकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले 9 कारोबारी दिनों में ही सोने की कीमत 17,600 रुपये गिर चुकी है। 9 नवंबर को दिल्ली में सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा था। अब इसका भाव घटकर 1,29,300 रुपये रह गया है। यानी कुछ ही दिनों में सोने की कीमत करीब 12 प्रतिशत टूट गई है। अगर सोने की तुलना इस साल के रिकॉर्ड भाव से करें तो गिरावट और भी बड़ी दिखाई देती है। जनवरी 2026 के आखिर में सोने की कीमत 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। अब यह अपने रिकॉर्ड स्तर से 53,700 रुपये यानी करीब 29.3 प्रतिशत नीचे आ चुका है। चांदी की हालत तो सोने से भी ज्यादा खराब है। शुक्रवार 20 नवंबर को दिल्ली में चांदी गिरकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई। 5 नवंबर को इसका भाव 1,94,500 रुपये प्रति किलो था। इस तरह कुछ ही कारोबारी दिनों में चांदी करीब 19 प्रतिशथ सस्ती हो गई। जनवरी में चांदी ने 4.04 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था। अब यह उस स्तर से करीब 2.46 लाख रुपये यानी करीब 61 प्रतिशत नीचे आ चुकी है। इसका मतलब है कि साल की शुरुआत में जिस चांदी को खरीदने के लिए निवेशकों को 4 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करने पड़ते थे, अब उसका भाव करीब 1.58 लाख रुपये रह गया है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों ने क्यों बढ़ाई मुश्किल?
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजहों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें शामिल हैं। फेडरल रिजर्व अमेरिका का केंद्रीय बैंक है। यह वहां की महंगाई और अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ब्याज दरों में बदलाव करता है। जब महंगाई ज्यादा होती है तो केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ा सकता है। इससे लोगों और कंपनियों के लिए कर्ज लेना महंगा हो जाता है। आमतौर पर इसका मकसद बाजार में खर्च और मांग को कम करके महंगाई पर काबू पाना होता है। हाल के दिनों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने महंगाई को लेकर चिंता जताई है। फिलाडेल्फिया फेड की अध्यक्ष अन्ना पॉलसन ने भी संकेत दिया कि महंगाई का दबाव बना रहा तो ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी की जरुरत पड़ सकती है। अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से निवेशकों ने सोने और चांदी से दूरी बनानी शुरू कर दी है। इसकी वजह यह है कि सोना अपने पास रखने पर निवेशक को बैंक के ब्याज या बॉन्ड की तरह नियमित कमाई नहीं होती। दूसरी ओर, ब्याज दरें बढ़ने पर बैंक जमा और सरकारी बॉन्ड जैसे विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं। ऐसे में निवेशक सोने से पैसा निकालकर उन विकल्पों में लगाने लगते हैं, जहां उन्हें ब्याज के रूप में कमाई हो सकती है। यही वजह है कि ब्याज दरें बढ़ने की आशंका सोने की कीमतों पर दबाव डालती है।
डॉलर मजबूत होने से सोना-चांदी क्यों हुए कमजोर?
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की दूसरी बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी का कारोबार मुख्य रूप से डॉलर में होता है। इसलिए डॉलर की कीमत में बदलाव का असर इन धातुओं के भाव पर भी पड़ता है। जब डॉलर मजबूत होता है तो दूसरी मुद्राओं में कारोबार करने वाले खरीदारों के लिए सोना और चांदी खरीदना महंगा हो जाता है। उदाहरण के लिए, अगर डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होता है तो भारतीय खरीदारों को उतना ही सोना खरीदने के लिए ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। लेकिन वैश्विक स्तर पर मजबूत डॉलर की वजह से मांग कमजोर पड़ सकती है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर दबाव आता है। अमेरिकी डॉलर हाल में 19 महीने के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। इसके पीछे अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद भी एक बड़ी वजह है। निवेशकों को लगता है कि अमेरिकी ब्याज दरें ऊंची रह सकती हैं। ऐसे में वे डॉलर और डॉलर से जुड़े निवेश विकल्पों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसका सीधा असर सोने और चांदी पर दिखाई दे रहा है। डॉलर की मजबूती और ऊंची ब्याज दरों की आशंका ने कीमती धातुओं की चमक फीकी कर दी है।
सोने-चांदी के भाव में इतनी बड़ी गिरावट के पीछे कौन जिम्मेदार? (तस्वीर-AI)
सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की मांग क्यों नहीं बढ़ रही?
सोने को हमेशा से सुरक्षित निवेश का विकल्प माना जाता है। जब दुनिया में युद्ध, राजनीतिक तनाव या आर्थिक संकट की आशंका बढ़ती है तो निवेशक अक्सर शेयर बाजार से पैसा निकालकर सोने में लगाते हैं। इसकी वजह यह है कि अनिश्चितता के दौर में सोने को अपेक्षाकृत सुरक्षित संपत्ति माना जाता है। लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग दिखाई दे रही है। पश्चिम एशिया में तनाव और दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता के बावजूद सोने की कीमतों में गिरावट जारी है। इसका एक बड़ा कारण यह है कि इस समय डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों का असर सोने की सुरक्षित निवेश वाली छवि पर भारी पड़ रहा है। इसके अलावा शेयर बाजार में गिरावट आने पर कुछ निवेशक अपने नुकसान की भरपाई के लिए सोना बेच रहे हैं। खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने बाजार का माहौल कमजोर किया है। जिन निवेशकों को शेयर बाजार में नुकसान हुआ है, वे दूसरे निवेश बेचकर नकदी जुटा रहे हैं। इसमें सोने की हिस्सेदारी भी शामिल है। इस तरह सोना खरीदने के बजाय उसकी बिकवाली बढ़ रही है। यही वजह है कि वैश्विक तनाव के बावजूद सोने को वैसी मजबूती नहीं मिल रही, जैसी आमतौर पर मिलती है।
चांदी की कीमत सोने से ज्यादा तेजी से क्यों गिरी?
सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन चांदी को ज्यादा नुकसान हुआ है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव सोने के मुकाबले ज्यादा होता है। सोने का इस्तेमाल मुख्य रूप से निवेश, गहने और केंद्रीय बैंकों के भंडार में किया जाता है। वहीं चांदी का इस्तेमाल गहनों के अलावा कई औद्योगिक कामों में भी होता है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य तकनीकी उत्पादों में चांदी की जरुरत पड़ती है। इसलिए चांदी की कीमत पर दो तरह के कारकों का असर पड़ता है। पहला, निवेशकों की खरीद-बिक्री और दूसरा, उद्योगों की मांग। जब अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी होने की आशंका बढ़ती है तो उद्योगों में मांग घटने का डर पैदा होता है। इससे चांदी की कीमत पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है। इसके अलावा जब बाजार में तेजी के दौरान निवेशक बड़ी मात्रा में चांदी खरीदते हैं तो कीमतें तेजी से ऊपर जाती हैं। लेकिन जब बिकवाली शुरू होती है तो कीमतें उसी तेजी से नीचे भी आ सकती हैं। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक क्रिटिकल मेटल्स के सीईओ टोनी सेज के मुताबिक, चांदी, प्लैटिनम और पैलेडियम में गिरावट के पीछे भी वही आर्थिक कारण हैं, जो सोने की कीमतों को नीचे ला रहे हैं। हालांकि चांदी में ज्यादा उतार-चढ़ाव होने के कारण इसका असर और बड़ा दिखाई दे रहा है।
क्या सोने में निवेश की मांग पूरी तरह खत्म हो गई है?
कीमतों में गिरावट के बावजूद सोने की निवेश मांग पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, 2026 में सोने की मांग बढ़ाने में निवेश की भूमिका सबसे अहम रह सकती है। हालांकि संगठन ने सालाना औसत सोने की मांग में बढ़ोतरी के अनुमान को 400 टन से घटाकर 200 टन कर दिया है। इसका मतलब है कि सोने की मांग बढ़ने की उम्मीद तो है, लेकिन पहले के मुकाबले इसकी रफ्तार धीमी रह सकती है। गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में निवेश का रुझान भी मजबूत रहा है। ETF ऐसे निवेश विकल्प हैं, जिनके जरिए लोग सीधे सोना खरीदे बिना भी सोने की कीमतों में होने वाले बदलाव का फायदा उठा सकते हैं। निवेशक इनमें पैसा लगाकर सोने में निवेश कर सकते हैं। इसके अलावा सोने के सिक्कों और बार की मांग भी बनी हुई है। इससे पता चलता है कि कीमतें गिरने के बावजूद कुछ निवेशक सोने को लंबी अवधि के लिए अच्छा निवेश मान रहे हैं।
आगे सोने और चांदी की कीमतों में क्या हो सकता है?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट यहीं रुक जाएगी या अभी और कमजोरी देखने को मिल सकती है? ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक कोटक नियो के कमोडिटी, करेंसी और रेट डेरिवेटिव्स प्रमुख अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,500 डॉलर प्रति औंस का स्तर पहला अहम सपोर्ट है। वहीं 3,400 से 3,500 डॉलर के बीच एक बड़ा सपोर्ट जोन माना जा रहा है। सपोर्ट का मतलब उस कीमत से है, जहां पहुंचने पर खरीदारी बढ़ने और गिरावट रुकने की उम्मीद की जाती है। हालांकि, सिर्फ इस स्तर पर पहुंचना कीमतों में तेजी की गारंटी नहीं है। इसके लिए बाजार में खरीदारी लौटने के संकेत भी जरूरी हैं। चांदी के लिए 38 से 39 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम माना जा रहा है। अगर इस स्तर पर खरीदारी आती है तो कीमतों को सहारा मिल सकता है।
आने वाले दिनों में सोने और चांदी की दिशा मुख्य रूप से अमेरिकी ब्याज दरों, डॉलर की चाल और वैश्विक मांग पर निर्भर करेगी। अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख बनाए रखता है और डॉलर मजबूत रहता है तो कीमतों पर दबाव जारी रह सकता है। दूसरी ओर, दुनिया में राजनीतिक तनाव बढ़ने, केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीद जारी रहने और निवेशकों की मांग बढ़ने से सोने को सहारा मिल सकता है। चांदी के मामले में औद्योगिक मांग और सप्लाई में कमी अहम भूमिका निभा सकती है।
सोने और चांदी की मौजूदा गिरावट के पीछे सिर्फ एक कारण नहीं है। अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, निवेशकों की बिकवाली और आर्थिक अनिश्चितता ने मिलकर कीमतों को नीचे धकेला है। हालांकि, कीमतें गिरने का मतलब यह नहीं है कि अब इनमें तेजी नहीं आएगी। निवेश करने से पहले बाजार के रुझान, जोखिम और अपनी जरूरत को समझना जरूरी है।
