शुरुआत करते हैं एक हाइपोथेटिकल सिचुएशन से, मान लीजिए 2 लोग हैं, जिनमें से एक सड़क पर पैदल चल रहा है और ठीक उसी समय एक बुलेट ट्रेन में सवार है। अगर ऐसा हो, तो पैदल चलते वक्त उस व्यक्ति के लिए समय की रफ्तार अलग होगी और ट्रेन में सवार आदमी के लिए अलग। अब ये बात सामान्य दुनिया में यह बात किसी जादू जैसी लगती है, लेकिन क्वांटम फिजिक्स (Quantum Physics) की सूक्ष्म दुनिया में यह एक वास्तविक संभावना है। जाने कितने समय से हम समय को कभी घटती-बढ़ती परछाईं, कभी घड़ी की सुइयों की एक समान टिक-टिक या स्मार्टफोन की स्क्रीन पर बदलते अंकों के रूप में देखते आए हैं। लेकिन वैज्ञानिक अब यह साबित करने के करीब हैं कि समय जैसा हम महसूस करते हैं, उससे कहीं ज्यादा अजीब और रहस्यमयी है।
प्रतिष्ठित शोध पत्रिका 'फिजिकल रिव्यू लेटर्स' (Physical Review Letters) में छपी एक स्टडी ने समय के एक ऐसे रूप का खुलासा किया है, जिसे 'समय का क्वांटम सुपरपोजिशन' (Quantum Superposition of Time) कहा जा रहा है। जापान की क्यूशू यूनिवर्सिटी (Kyushu University) के नेतृत्व में अमेरिका, कनाडा और स्वीडन के प्रमुख संस्थानों के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी तकनीक पेश की है, जो बेहद महीन स्तर पर समय के एक साथ दो अलग-अलग रास्तों पर बहने के रहस्य को माप सकती है। आइए, आसान भाषा में समझते हैं कि यह खोज क्या है और क्यों यह भौतिक विज्ञान का नक्शा बदल सकती है।
आइंस्टीन की 'रिलेटिविटी' बनाम क्वांटम फिजिक्स: समय का विरोधाभास
समय को समझने के लिए हमें भौतिक विज्ञान के दो सबसे बड़े सिद्धांतों को समझना होगा जो सालों से एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े रहे हैं:
अल्बर्ट आइंस्टीन का सापेक्षता का सिद्धांत (Theory of Relativity): आइंस्टीन ने दुनिया को बताया था कि समय हर चीज के लिए एक समान गति से नहीं बीतता। यदि आप बहुत तेज गति से यात्रा कर रहे हैं या किसी भारी गुरुत्वाकर्षण वाले पिंड के पास हैं, तो आपके लिए समय धीमा हो जाएगा। यानी गति और गुरुत्वाकर्षण समय की रफ्तार बदल देते हैं।
क्वांटम मैकेनिक्स (Quantum Mechanics): यह परमाणुओं और इलेक्ट्रॉन जैसे अति-सूक्ष्म कणों की दुनिया का नियम है। इसका एक प्रमुख सिद्धांत है, 'सुपरपोजिशन' (Superposition)। इसका मतलब है कि कोई सूक्ष्म कण एक ही समय में दो अलग-अलग अवस्थाओं (States) या स्थानों पर मौजूद हो सकता है। सुपरपोजिशन को ऐसे समझ सकते हैं कि जब आप एक सिक्का हवा में उछालते हैं। जब तक सिक्का हवा में घूम रहा है, वह न तो पूरी तरह 'हेड' है और न ही 'टेल'। वह दोनों अवस्थाओं के मिश्रण (Superposition) में है। केवल जमीन पर गिरने के बाद वह एक अवस्था चुनता है। क्वांटम कण भी इसी तरह एक साथ कई संभावनाओं में रहते हैं।
अब सवाल यह उठता है कि यदि कोई घड़ी क्वांटम दुनिया में 'सुपरपोजिशन' की स्थिति में हो, यानी वह एक साथ दो अलग-अलग गति से चल रही हो, तो क्या उसके भीतर समय भी एक साथ दो अलग-अलग रफ्तार से बीतेगा? वैज्ञानिक इसी स्थिति को "समय का सुपरपोजिशन" कहते हैं, जिसे आज तक प्रयोगशाला में प्रत्यक्ष रूप से कभी नहीं देखा जा सका था।

श्रॉडिंगर कैट एक्सपेरिमेंट दिखाता है क्वांटम दुनिया के पैराडॉक्स (सांकेतिक चित्र)
परमाणु घड़ियां: समय मापने का सबसे सटीक पैमाना
इस रहस्य से पर्दा उठाने के लिए वैज्ञानिक 'एटॉमिक क्लॉक' (Atomic Clock) यानी परमाणु घड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये घड़ियां किसी मैकेनिकल गियर या पेंडुलम से नहीं चलतीं, बल्कि परमाणुओं के भीतर होने वाले अत्यंत सटीक और स्थिर कंपनों से समय मापती हैं। हमारे स्मार्टफोन में मौजूद GPS सिस्टम इसी सटीकता के दम पर काम करता है।
आज की आधुनिक एटॉमिक घड़ियां इतनी संवेदनशील हो चुकी हैं कि यदि आप दो घड़ियों को एक-दूसरे से महज कुछ मिलीमीटर की ऊंचाई के अंतर पर भी रख दें, तो वे पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण में आए सूक्ष्म अंतर के कारण समय के बीतने की अलग-अलग रफ्तार को पकड़ सकती हैं।

सटीक समय नापती हैं एटॉमिक घड़ियां (सांकेतिक चित्र)
कैसे काम करेगी नई तकनीक?
क्यूशू यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट फॉर एडवांस्ड स्टडीज के एसोसिएट प्रोफेसर जोशुआ फू (Joshua Foo) और उनकी टीम ने एक नया सैद्धांतिक मॉडल विकसित किया है। उन्होंने पाया कि जब किसी परमाणु घड़ी की क्वांटम गति (Quantum Motion) उसकी आंतरिक ऊर्जा से जुड़ती है, तो उनके बीच 'एंटेंग्लमेंट' (Entanglement) नाम की घटना घटती है। क्वांटम एंटेंग्लमेंट को आसान शब्दों में 'अदृश्य जुड़ाव' समझें। जब दो कण या सिस्टम आपस में इस तरह बंध जाती हैं कि एक में होने वाला बदलाव तुरंत दूसरे को प्रभावित करता है, भले ही वे कितनी भी दूरी पर हों। शोधकर्ताओं ने घड़ी की गति को नियंत्रित करने की एक नई तकनीक खोजी है, जो इसकी संवेदनशीलता को 100 से 1000 गुना तक बढ़ा देती है। इस अत्यधिक संवेदनशीलता के कारण अब प्रयोगशाला के वास्तविक माहौल में भी समय के इस सूक्ष्म क्वांटम प्रभाव को दर्ज करना संभव हो सकेगा।

क्वांटम एंटेंग्लमेंट का सांकेतिक चित्र
'क्वांटम ग्रेविटी' का खुलेगा दरवाजा
फिलहाल यह शोध एक सैद्धांतिक मॉडल के रूप में सामने आया है। वैज्ञानिकों के सामने अगली बड़ी चुनौती इस मॉडल को एक व्यावहारिक प्रयोगशाला प्रयोग (Working Experiment) में बदलना है, जहां बाहरी वातावरण के नॉइज और अनिश्चितताओं के बीच भी इस प्रभाव को नापा जा सके। अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो इसके दो बहुत बड़े फायदे होंगे। एक तो भविष्य में और भी ज्यादा अचूक और सटीक परमाणु घड़ियों को बना सकना संभव होगा और दूसरी होगी क्वांटम ग्रेविटी की खोज। दरअसल भौतिक विज्ञान की सबसे बड़ी अधूरी पहेली यह है कि आइंस्टीन का गुरुत्वाकर्षण का नियम और क्वांटम मैकेनिक्स आपस में मेल नहीं खाते। यह तकनीक वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद कर सकती है कि सबसे सूक्ष्म स्तर पर गुरुत्वाकर्षण कैसा व्यवहार करता है। समय केवल सीधी रेखा में नहीं चलता है, इसके भीतर गहराई में क्वांटम भौतिकी के कई ऐसे पहिए मौजूद हैं जिनमें से कुछ को समझने में हम इंसान शायद अब दहलीज पर खड़े हैं।
