Bangladesh Political Crisis: मोहम्मद युनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख बने रहेंगे। आपात बैठक के बाद उनके मंत्रिमंडल के एक सलाहकार ने शनिवार को यह जानकारी दी। दो दिन पहले यूनुस के एक प्रमुख सहयोगी ने कहा था कि वह इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं।
योजना सलाहकार ने क्या कुछ कहा
सलाहकार परिषद की आपात बैठक के बाद योजना सलाहकार वहीदुद्दीन महमूद ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने (युनुस) यह नहीं कहा था कि वह पद छोड़ देंगे। उन्होंने कहा था कि हमें सौंपे गए काम और जिम्मेदारियों को पूरा करने में कई बाधाएं आ रही हैं, लेकिन हम उन पर काबू पा रहे हैं। महमूद ने कहा, “वह (यूनुस) निश्चित रूप से (पद पर) बने रहेंगे।”
अपने पद पर बने रहेंगे सभी सलाहकार
उन्होंने कहा कि सभी सलाहकार अपने पद पर बने रहेंगे, क्योंकि हमें सौंपी गई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है; हम इस कर्तव्य से पीछे नहीं हट सकते। इससे दो दिन पहले युनुस ने छात्रों के नेतृत्व वाली नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के नेताओं से कहा था कि वह इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि मौजूदा स्थिति में वह काम नहीं कर सकते।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनुस (फाइल फोटो)
बंद कमरे में हुई आपात बैठक
उन्होंने बदलाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आम सहमति न बन पाने के कारण काम करने में आ रहीं परेशानियों का हवाला दिया था। अचानक बुलाई गई और बंद कमरे में हुई बैठक में 19 सलाहकार शामिल हुए। यह बैठक ढाका के शेर-ए-बांग्ला नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय आर्थिक परिषद (ECNEC) की कार्यकारी समिति की निर्धारित बैठक के बाद बुलाई गई थी।
हाल के दिनों में उभरती राजनीतिक स्थिति के बीच यूनुस के शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और जमात-ए-इस्लामी के नेताओं से मिलने की उम्मीद है।
