शहर

यूपी में आज शाम छाएगा अंधेरा, लखनऊ समेत सभी 75 जिलों में होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान सायरन बजाया जाएगा और कई इलाकों में कुछ देर बिजली सप्लाई बंद रहेगी।

Image

यूपी के सभी जिलों में आज ब्लैकआउट मॉक ड्रिल (सांकेतिक फोटो)

उत्तर प्रदेश में आज शाम 6 बजते ही लोगों को सायरन की आवाज सुनाई देगी और कई इलाकों में कुछ देर के लिए बिजली गुल हो जाएगी। दरअसल यूपी के सभी 75 जिलों में रविवार शाम 6 बजे एक साथ ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। युद्ध या किसी आपातकालीन स्थिति में लोगों की सुरक्षा और राहत-बचाव की तैयारियों को परखने के लिए यह बड़ा अभ्यास किया जा रहा है। इसमें करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे।

75 जिलों में एक साथ होगा अभ्यास

लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में भी एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमें हिस्सा लेंगी और अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी। यूपी के सभी जिलों में एक साथ होने वाली इस मॉक ड्रिल में करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैयारियों को भी परखा जाएगा।

आपातकालीन तैयारियों का होगा परीक्षण

मॉक ड्रिल के जरिए यह जांच की जाएगी कि युद्ध या किसी आपातकालीन स्थिति में प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और राहत टीमें कितनी तत्परता से काम कर सकती हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस मॉक ड्रिल को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही घबराएं। शाम 6 बजे सायरन बजने और बिजली गुल होने के दौरान लोग अभ्यास के नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और प्रशासन को पूरा सहयोग दें।

जनवरी 2026 में भी हुई थी मॉक ड्रिल

इससे पहले जनवरी 2026 में भी यूपी में इसी तरह का सुरक्षा अभ्यास किया गया था। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित हुई थी। इस दौरान सायरन बजाकर और बिजली बंद कर आपातकालीन स्थिति जैसे हालात तैयार किए गए थे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article