महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे जिले के डोंबिवली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने ब्रेकअप से नाराज होकर अपनी गर्लफ्रेंड के घर में आग लगा दी। घटना के समय गर्लफ्रेंड अपने माता-पिता के साथ घर के अंदर मौजूद थी। अचानक आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, तीनों समय रहते घर से बाहर निकलने में कामयाब रहे और उनकी जान बच गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
7-8 साल का था रिश्ता
आरोपी की पहचान दीपेश रस्तोगी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दीपेश और महिला पिछले 7 से 8 साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी। इसी वजह से महिला ने रिश्ता खत्म करने का फैसला किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जीरकपुर में होटल की तीसरी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग
रिश्ता खत्म करने के फैसले से था नाराज
बताया जा रहा है कि महिला ने दीपेश को साफ कह दिया था कि वह अब इस रिश्ते (Relationship) को आगे नहीं बढ़ाना चाहती लेकिन दीपेश उसके इस फैसले को स्वीकार नहीं कर पाया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी प्रेमिका के घर को निशाना बनाया और उसमें आग लगा दी। आग लगते ही घर के अंदर मौजूद प्रेमिका और उसके माता-पिता आग की लपटों से घिर गए। तीनों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। अगर वे समय रहते बाहर नहीं निकल पाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही मानपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
