वायरल न्यूज़

पटरी पर मौत का इंतजार कर रही थी महिला! तभी फरिश्ता बनकर पहुंचे शख्स ने लगाई जान की बाजी, देखें शॉकिंग वीडियो

Viral Video: कोलकाता-गोरखपुर एक्सप्रेस के नीचे रेलवे ट्रैक पर लेटी महिला को एक युवक ने अपनी जान पर खेलकर बचाया। 90 लाख से ज्यादा बार देखे गए इस वायरल वीडियो को देख लोग युवक की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं।

Image

इसे कहते हैं किस्मत...(तस्वीर साभार- @ayann__kd)

Viral Video: भागदौड़ भरी इस जिंदगी में अक्सर लोग दूसरों की मुसीबत देखकर आंखें मूंद लेते हैं, लेकिन कभी-कभी भीड़ से निकलकर कोई एक शख्स ऐसा काम कर जाता है, जो इंसानियत पर हमारा भरोसा फिर से कायम कर देता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी भी सांसें कुछ सेकंड के लिए थम जाएंगी। इस वायरल क्लिप में एक युवक अपनी जान को जोखिम में डालकर खड़ी ट्रेन के नीचे पटरी पर लेटी एक महिला को मौत के मुंह से खींचकर बाहर निकालता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्लेटफॉर्म पर कोलकाता-गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस खड़ी है। ट्रेन के स्लीपर कोच S3 के ठीक नीचे रेलवे ट्रैक पर काले रंग का सलवार-सूट पहने और सिर को नारंगी दुपट्टे से ढके एक महिला लेटी हुई है। ट्रेन में यात्री सवार हैं और वह किसी भी पल प्लेटफॉर्म से रवाना हो सकती थी। अगर ट्रेन चल पड़ती, तो बड़ा हादसा होना तय था। इसी बीच, दूसरी तरफ के ट्रैक पर पीठ पर ग्रे रंग का बैग टांगे और सफेद शर्ट-जींस पहने एक युवक की नजर उस महिला पर पड़ती है। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए युवक एक पल की भी देरी किए बिना तुरंत ट्रैक पर उतरता है और कोच के नीचे झुककर महिला को बाहर निकलने के लिए आवाज लगाता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला पहले बाहर आने में हिचकिचाती है। लेकिन, वक्त की नजाकत और खतरे को समझते हुए युवक हिम्मत नहीं हारता। वह झुककर महिला का हाथ मजबूती से पकड़ता है और पूरी ताकत लगाकर उसे पटरी से बाहर की ओर खींचता है। महिला को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित निकालने के बाद युवक उसे सहारा देते हुए बगल वाले ट्रैक से होते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 8 की तरफ ले जाता है। वहां पहले से मौजूद अन्य यात्री भी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाते हैं और दोनों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर ऊपर खींच लेते हैं। हैरानी की बात यह है कि रेस्क्यू के महज कुछ ही सेकंड बाद पीछे वाले ट्रैक पर दूसरी ट्रेन की तेज हेडलाइट भी आती दिखाई देती है, जो इस घटना की भयावहता को और बढ़ा देती है। देखें वीडियो...

दिल दहलाने वाला नजारा

इस नजारे को देखकर आपका दिल भी दहल गया होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस खतरनाक वीडियो को इंस्टाग्राम पर ayann__kd नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को 1.4 मिलियन से ज्यादा लोग अब तक पसंद कर चुके हैं। वहीं, इस वीडियो पर यूजर्स जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक यूजर ने मजेदार अंदाज में लिखा कि 1 कचौड़ी, 2 समोसा, ऐसे मर्दों पर है पूरा भरोसा। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि आज के समय में जहां लोग सिर्फ मोबाइल निकालकर वीडियो बनाते हैं, वहां इस भाई ने आगे बढ़कर एक जिंदगी बचाई। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article