Viral Video: 'जाको राखे साइयां, मार सके न कोय...' यह कहावत आपने कई बार सुनी होगी, लेकिन उत्तराखंड के हरिद्वार-देहरादून हाईवे से सामने आए एक वीडियो ने इसे पूरी तरह सच साबित कर दिया है। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे हाईवे पर मौत और जिंदगी के बीच महज चंद इंच का फासला रह गया, जब एक विशालकाय जंगली हाथी ने सड़क पर गिरे बाइक सवार को अपने पैरों तले दबा दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस हाथी का वजन कई टन होता है, उसके दो बार पैर रखने के बावजूद युवक न सिर्फ जिंदा बचा, बल्कि हाथी के जाते ही खुद अपने पैरों पर खड़ा भी हो गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर नेपाली फार्म के नजदीक की है, जहां ऊपर 'मसूरी 61 किमी' का साइनबोर्ड लगा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात के सन्नाटे में एक बाइक सड़क किनारे डिवाइडर के पास गिरी हुई है और बाइक सवार डिवाइडर से सटकर जमीन पर पड़ा है। तभी एक जंगली हाथी वहां पहुंचता है। वीडियो की शुरुआत में पीछे खड़ी एक कार से किसी के घबराकर 'अरे बाप रे... नहीं, नहीं, नहीं...' बोलने की आवाज सुनाई देती है। अगले ही पल हाथी आगे बढ़ता है और जमीन पर पड़े युवक के पेट और सीने के हिस्से पर अपना भारी-भरकम पैर रख देता है। हाथी ने एक नहीं, बल्कि दो बार युवक के शरीर पर पैर रखा। वीडियो में सबसे गौर करने वाली बात युवक की सूझबूझ और शांत रहना रहा। हाथी के बेहद करीब होने और पैर रखने के बावजूद युवक ने न तो शोर मचाया और न ही हाथ-पैर पटकने की कोशिश की। आसपास मौजूद राहगीरों ने भी स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत तेज हॉर्न नहीं बजाया ताकि हाथी भड़क न जाए। चंद सेकंड तक युवक को परखने के बाद हाथी ने अपना पैर हटाया, डिवाइडर पर लगी पीली-सफेद रेलिंग को लांघा और दूसरी तरफ जंगल की ओर बढ़ गया। देखें वीडियो...
कैमरे में कैद हुआ हाहाकारी नजारा
वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी जरूर चौंक गए होंगे। जिसने भी यह नजारा देखा वो दंग रह गया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को rahuljoes नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस हाहाकारी वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। जबकि, तीन लाख 87 हजार से ज्यादा लोगों ने वीडियो को पसंद किए हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
