बिजनेस

Qualcomm Layoffs: भारतीय स्टाफ पर छंटनी का बड़ा असर, 1500 कर्मचारियों पर गिरी गाज

दिग्गज टेक कंपनी Qualcomm बड़े पैमाने पर छंटनी कर रही है। कंपनी के लिए भारत में काम करने वाले कर्मचारियों पर भी इसका व्यापक असर पड़ा है। कंपनी ने भारत में करीब 1500 कर्मचारियों को फायर किया है।

Image

क्वालकॉम में बड़ी छंटनी

Qualcomm Layoffs: अमेरिकी चिपमेकर Qualcomm ने भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू कर दी है। कंपनी की इस कार्रवाई से करीब 1,500 कर्मचारियों पर असर पड़ा है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक यह कदम CEO Cristiano Amon की ओर से परफॉर्मेंस और ऑर्गेनाइजेशनल एफिशिएंसी पर नए सिरे से जोर दिए जाने के बीच उठाया गया है।

Qualcomm में छंटनी का यह सिलसिला सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। कंपनी के CEO क्रिस्टियानो आमोन ने अक्टूबर में ही कर्मचारियों को भेजे एक ई-मेल में दुनियाभर में 'परफॉर्मेंस-फोकस्ड' वर्कफोर्स में कटौती की बात कही थी। आमोन के मुताबिक कंपनी को मजबूत परफॉर्मेंस कल्चर बनाने की जरूरत है। छंटनी के फैसले में कर्मचारियों के प्रदर्शन के साथ-साथ बिजनेस की जरूरतों, कंपनी की प्राथमिकताओं और भविष्य में जरूरी स्किल्स को भी ध्यान में रखा गया है।

भारत में कुल कितने कर्मचारी?

रिपोर्ट के मुताबिक Qualcomm की इस छंटनी से भारत में करीब 1,500 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। जबकि, कंपनी के देश में लगभग 18,000 कर्मचारी हैं। कंपनी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब भारत उसके ग्लोबल इंजीनियरिंग और सेमीकंडक्टर डेवलपमेंट ऑपरेशन का अहम केंद्र बन चुका है। भारत में Qualcomm के प्रमुख इंजीनियरिंग सेंटर बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में हैं।

सेवरेंस पैकेज में क्या शामिल?

Qualcomm से बाहर होने वाले कर्मचारियों को कंपनी की ओर से सेवरेंस पैकेज दिया जा रहा है। कंपनी के एग्जिट टर्म्स की जानकारी रखने वाले कर्मचारियों के मुताबिक, इस पैकेज में कई तरह के वित्तीय और दूसरी सुविधाएं शामिल हैं। इसके तहत कर्मचारियों को 2 महीने का नोटिस पे मिलेगा। इसके अलावा कंपनी में बिताए गए हर साल के बदले एक महीने की अतिरिक्त सैलरी दी जाएगी।

कर्मचारियों का एक साल तक का इंश्योरेंस कवर भी जारी रहेगा। पैकेज में कर्मचारियों के वेस्टेड रेस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स (RSUs) भी शामिल हैं। इसमें नवंबर में वेस्ट होने वाली किस्त भी शामिल बताई गई है। इसके अलावा कर्मचारियों को बचे हुए अवकाश के बदले पैसे यानी लीव एनकैशमेंट और दिसंबर का बोनस भी दिया जाएगा।

दूसरी नौकरी तलाशने में मदद

इस छंटनी से प्रभावित उन कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ भी मिलेगा, जिन्होंने कंपनी में 5 साल की नौकरी पूरी कर ली है। इसके साथ ही Qualcomm कर्मचारियों को नई नौकरी तलाशने में मदद देने के लिए एक रिक्रूटमेंट फर्म के जरिए प्लेसमेंट असिस्टेंस भी उपलब्ध करा रही है।

भारत में कितना बड़ा कारोबार?

छंटनी के बीच Qualcomm के भारत में बढ़ते इंजीनियरिंग ऑपरेशन भी चर्चा में हैं। कंपनी ने फरवरी 2026 में अपने 2nm सेमीकंडक्टर डिजाइन का सफल टेप-आउट पूरा करने का ऐलान किया था। यह एडवांस्ड चिप डिजाइन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि थी।

इस प्रोजेक्ट में बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद स्थित कंपनी के इंजीनियरिंग डेवलपमेंट सेंटरों ने मिलकर काम किया था। बेंगलुरु कैंपस कंपनी के प्रमुख इंजीनियरिंग हब में शामिल है, जहां अगली पीढ़ी की वायरलेस टेक्नोलॉजी, AI, कंप्यूटिंग और सिस्टम लेवल टेक्नोलॉजी पर काम होता है।

अमेरिका के बाहर कंपनी की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग वर्कफोर्स का हिस्सा भारत में है। यहां कंपनी चिप डिजाइन, वैलिडेशन, AI ऑप्टिमाइजेशन और सिस्टम इंटीग्रेशन जैसे अहम काम संभालती हैं। कंपनी दो दशक से अधिक समय से भारत में मौजूद है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article