शहर

'तुझे भगवान के पास पहुंचाता हूं...' कहकर बरसाईं गोलियां, फरीदाबाद हत्याकांड का खौफनाक CCTV वीडियो आया सामने

फरीदाबाद में परमजीत धनकड़ की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें आरोपी मोनू शर्मा को विवाद खत्म होने की बात कहने के बावजूद परमजीत पर गोलियां चलाते देखा और सुना जा सकता है।

Image

फरीदाबाद में परमजीत की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया

Photo : Times Now Digital

Faridabad Murder Case: फरीदाबाद के सेक्टर-21C में धनतेरस की रात हुए परमजीत धनकड़ हत्याकांड का खौफनाक CCTV फुटेज अब सामने आ गया है। वीडियो में हत्या से पहले आरोपी और मृतक के बीच हुई बहसबाजी से लेकर गोलीबारी और हमलावर की बेरहमी तक की पूरी वारदात कैद हुई है। वीडियो में आरोपी मोनू शर्मा पहले परमजीत को उकसाता सुनाई देता है। इसके बाद वह उन्हें धमकी देते हुए कहता है, 'तुझे भगवान में बहुत विश्वास है, चल तुझे भगवान के पास ही पहुंचाता हूं।' इतना कहने के बाद वह परमजीत पर गोलियां बरसाने लगता है। हैरानी की बात यह है कि परमजीत बार-बार कह रहे थे कि उनके बीच का विवाद खत्म हो चुका है, इसके बावजूद आरोपी ने फायरिंग नहीं रोकी। बल्कि, गोली मारने के बाद आरोपी ने कहा- दिवाली मुबारक हो।

बुधवार को सामने आए CCTV फुटेज में हत्या से पहले की बातचीत भी सुनाई दे रही है। वीडियो के अनुसार, आरोपी मोनू शर्मा परमजीत को ताना मारते हुए कहता है, 'देखा है विधवा कैसी होती है?' इस दौरान परमजीत का बेटा बीच में कुछ बोलने की कोशिश करता है, लेकिन परमजीत उसे फौरन चुप करा देते हैं। इसके बाद दोनों के बीच बहस तीखी हो जाती है। इसी दौरान आरोपी भगवान का नाम लेकर परमजीत को धमकी देता है और फिर अपनी पिस्तौल से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर देता है।

जमीन पर गिरने के बाद भी नहीं रुका हमलावर

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि गोली लगने के बावजूद परमजीत जान बचाने के लिए गेट की तरफ भागते हैं। उनके पीछे-पीछे आरोपी भी बाहर आ जाता है और बीच सड़क पर भी लगातार फायरिंग करता रहता है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि परमजीत के जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावर ने फायरिंग जारी रखी। इस दौरान वह गालियां देता हुआ हथियार की मैगजीन बदलता हुआ भी नजर आता है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने परमजीत को करीब नौ गोलियां मारी थीं।

पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, परमजीत धनकड़ और उनके पड़ोसी मोनू शर्मा के बीच लंबे समय से वाहन पार्किंग को लेकर विवाद जारी था। इसके अलावा पालतू कुत्ते के शौच करने को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच अनबन थी। धनतेरस की रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत की गोली मारकर हत्या कर दी।

DLF चौक से पकड़ा गया आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बेटे की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को बल्लभगढ़ के DLF चौक से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक और अहम पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले शुक्रवार को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद थाने पहुंचा था। उस दौरान पुलिसकर्मियों के सामने ही मोनू ने परमजीत को जान से मारने की धमकी दी थी। अब CCTV फुटेज सामने आने के बाद हत्याकांड से जुड़ी घटनाओं की कड़ियां और स्पष्ट हो रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article