Delhi Accident News: दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक डंपर और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
डंपर और ऑटो के बीच हुई टक्कर
पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह पुश्ता नंबर-5 के पास हुआ। डंपर का नंबर DL1LY 5990 और ऑटो का नंबर DL1RAB 5531 बताया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और PCR की मदद से सभी घायलों को जग प्रवेश अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो अज्ञात पुरुषों और एक नवजात बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
हादसे में घायल लोगों की पहचान राजा (32) और राखी (30) समेत तीन अन्य लोगों के रूप में हुई है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, दुर्घटना में करीब तीन साल की एक बच्ची सुरक्षित बताई गई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
