वायरल न्यूज़

Ajab Gajab: करोड़ों का खर्च, फिर भी 7 साल से वीरान पड़े हैं चमचमाते मकान, जानें क्या है कारण?

Ajab Gajab: ब्रिटेन के कॉर्नवॉल इलाके के कैलस्टॉक गांव को लोग अब 'घोस्ट एस्टेट' कहने लगे हैं। दरअसल,यहां 'ब्रिज व्यू नर्सरी' नाम से एक हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू किया गया था, जिसके तहत कुल 33 आधुनिक और किफायती घर बनाए जाने थे। साल 2019 में फंड की भारी कमी, प्रोजेक्ट में देरी के कारण लगा 14 करोड़ का ब्याज और जमीन बचाने वाली दीवार के निर्माण पर आने वाले 9 करोड़ के खर्च के चलते बजट पूरी तरह बिगड़ गया और काम ठप हो गया।

Image

सात साल से वीरान पड़े हैं घर (तस्वीर साभार- AI)

Ajab Gajab: क्या आपने कभी किसी ऐसे आलीशान रेजिडेंशियल एरिया की कल्पना की है, जहां घर बिल्कुल नए हों, सड़कें बनी हों, लेकिन पिछले 7 साल से वहां एक भी इंसान ने कदम न रखा हो? सुनने में यह किसी हॉरर मूवी की स्क्रिप्ट या रहस्यमयी कहानी जैसा लग सकता है, लेकिन यह हकीकत है दुनिया के सबसे ताकतवर देशों में गिने जाने वाले ब्रिटेन की। यूनाइटेड किंगडम के कॉर्नवॉल इलाके के कैलस्टॉक गांव में स्थित यह 'घोस्ट एस्टेट' इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर ग्लोबल मीडिया तक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। आइए जानते हैं पूरा मामला...

बात कुछ साल पहले की है, जब ब्रिटेन के इस खूबसूरत ग्रामीण इलाके में लोगों की आवास की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक शानदार हाउसिंग प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की गई थी। इस प्रोजेक्ट का नाम 'ब्रिज व्यू नर्सरी' रखा गया था। योजना के तहत इस पूरी जमीन पर कुल 33 आधुनिक घर बनाए जाने थे। इसमें सबसे खास बात यह थी कि इनमें से 15 घर पूरी तरह से 'अफोर्डेबल हाउसिंग' के तहत आरक्षित किए गए थे, ताकि आम लोग और स्थानीय परिवार जो महंगे मकान नहीं खरीद सकते, वे भी अपने सपनों का आशियाना पा सकें। शुरुआत में सब कुछ कागजों पर बेहद शानदार दिख रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सपना जल्द ही एक प्रशासनिक और आर्थिक जंजाल में बदल जाएगा। किसी भी बड़े निर्माण कार्य के लिए बजट और समय सबसे अहम होते हैं, लेकिन इस प्रोजेक्ट के साथ कुछ ऐसा हुआ कि यह बीच रास्ते में ही दम तोड़ गया। बताया जाता है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ही डेवलपर्स को फंड्स की भारी कमी का सामना करना पड़ा। स्थानीय कॉर्नवॉल काउंसिल से जरूरी मंजूरियां और अप्रूवल मिलने में लंबी देरी हुई। इस देरी की कीमत डेवलपर्स को भारी ब्याज के रूप में चुकानी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ ब्याज के तौर पर ही लगभग 12 लाख पाउंड यानी करीब 14 करोड़ रुपये से ज्यादा का फालतू खर्च हो गया। इस प्रोजेक्ट के दौरान एक मुश्किल और आ गई। जमीन की बनावट के कारण वहां एक भारी-भरकम 'रिटेनिंग वॉल' और एक अतिरिक्त सड़क बनानी पड़ी। अकेले इस रिटेनिंग वॉल पर लगभग 7.5 लाख पाउंड करीब 9 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान लगाया गया।

वीरान पड़े हैं घर

इन तमाम आर्थिक झटकों और बढ़ते खर्च के दबाव के चलते साल 2019 में इस प्रोजेक्ट पर ताला लग गया और यहां निर्माण का काम हमेशा के लिए रोक दिया गया। जब यह प्रोजेक्ट बंद हुआ, तब तक 33 के मुकाबले केवल 10 घर ही किसी तरह बन पाए थे। इनमें से भी लगभग 8 घर बाहरी तौर पर लगभग तैयार हैं, लेकिन उनके अंदर फर्श, जरूरी फिटिंग और फिनिशिंग का काम अभी भी बाकी है। बाकी के मकान या तो आधे-अधूरे हैं या फिर सिर्फ उनकी नींव ही तैयार हो पाई है। इन 10 घरों में से आज तक एक भी घर में कोई परिवार रहने नहीं आया है। पिछले 7 सालों से ये घर पूरी तरह वीरान पड़े हैं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article