Girl reciting Shiva Tandav: गुजरात के गृहमंत्री हर्ष सांघवी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम से एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो दुनियाभर में धूम मचा रहा है। इस वीडियो में एक छोटी बच्ची 'शिव तांडव स्रोत' सुनाती दिख रही है। इस दौरान बच्ची की ओजस्वी आवाज लोगों का मन मोह रही है। दरअसल, यह वीडियो राजस्थान के जोधपुर में निकाली गई एक 'तिरंगा यात्रा' कार्यक्रम का है। इस कार्यक्रम के दौरान जब बच्ची ने अपने ओजस्वी आवाज में शिव तांडव गाया तो वहां पर आध्यात्मिक माहौल बन गया।
गुजरात के गृह मंत्री ने शेयर किया वीडियो
सोशल मीडिया पर बच्ची का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में जोधपुर में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई थी। यह यात्रा 19 मई को 'एक राष्ट्र, एक दिल की धड़कन' का संदेश फैलाने के लिए आयोजित की गई थी। इसी कार्यक्रम के दौरान इस छोटी बच्ची ने पूरी हिम्मत और उत्साह के साथ 'शिव तांडव स्तोत्र' का पाठ कर सबका दिल जीत लिया। देखें वीडियो-
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यूजर्स बच्ची की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जहां एक तरफ लोग बच्ची की दमदार आवाज के कायल हो रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स यह कह रहे हैं कि 'ऐसे माता-पिता को नमन जिन्होंने बच्ची को ऐसे संस्कार दिए हैं।' गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 40 हजार से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं। वहीं वीडियो को अब तक लगभग तीन लाख लोगों ने देख लिया है।
