OMG: आज के दौर में जहां लोग पुराने पुश्तैनी मकानों को तोड़कर आधुनिक इमारतें खड़ी कर रहे हैं, वहीं कुछ परिवार ऐसे भी हैं जिन्होंने अपने पूर्वजों की निशानियों को आज भी जस का तस संजोकर रखा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार अपने करीब 100 से 150 साल पुराने पुश्तैनी घर में रखी एक भारी-भरकम लोहे की तिजोरी को खोलता नजर आ रहा है।
अक्सर फिल्मों या कहानियों में हमने सुना है कि पुरानी हवेलियों की तिजोरियों से सोने की अशर्फियां या पुश्तैनी खजाना निकलता है। इस परिवार के सदस्यों के मन में भी कुछ ऐसी ही उत्सुकता थी, लेकिन जब तिजोरी का भारी दरवाजा खुला, तो अंदर जो कुछ मिला उसने न सिर्फ परिवार को बल्कि वीडियो देखने वाले हर शख्स को भावुक कर दिया। इंस्टाग्राम पर @somehow_nilajaaaa नाम की यूजर ने इस पूरे अनुभव को वीडियो के जरिए साझा किया है। नीलजा बताती हैं कि जब उनके दो भाइयों ने उन्हें बताया कि पापा के पैतृक घर में एक बहुत पुरानी तिजोरी रखी है, तो शुरुआत में उन्हें लगा कि भाई उनके साथ कोई मजाक कर रहे हैं। लेकिन, जब उनकी मां ने भी इस बात की पुष्टि की और तिजोरी देखने जाने को कहा, तो पूरा परिवार उत्सुकता के साथ अपने पैतृक गांव के उस पुराने घर पहुंच गया। घर के पुराने लकड़ी के दरवाजे, सीढ़ी और दीवारों पर लगे पुराने दौर के बिजली के स्विच साफ बयां कर रहे थे कि यह मकान दशकों पुराना है। घर के एक कोने में नीले रंग की एक बेहद भारी और मजबूत लोहे की तिजोरी रखी हुई थी, जिस पर समय की धूल और जंग की परतें जम चुकी थीं।
अंदर छिपा था अनोखा राज
वीडियो में देखा जा सकता है कि तिजोरी काफी पुरानी थी, इसलिए परिवार के सदस्यों ने बेहद सावधानी बरती। एक सदस्य ने हाथों में नीले रंग के सर्जिकल ग्लव्स पहने और मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में तिजोरी के पेचीदा ताले को खोलने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत और सही चाबी लगाने के बाद जब भारी लोहे का दरवाजा चरमराहट के साथ खुला, तो सभी की सांसें थम सी गईं। तिजोरी के अंदरूनी दरवाजे और भीतर की दीवारों पर आज भी देवी-देवताओं की पुरानी तस्वीरें चिपकी हुई थीं, जो यह दर्शाती थीं कि उस दौर में व्यापार और धन को किस तरह आस्था के साथ जोड़कर देखा जाता था। तिजोरी के अंदर कई छोटे-छोटे खाने और गुप्त दराज बने हुए थे। परिवार ने जब एक-एक कर इन दराजों को खंगाला, तो वहां कोई सोना-चांदी या हीरे-जवाहरात नहीं थे, बल्कि उससे भी कहीं ज्यादा अनमोल यादें छिपी थीं। देखें वीडियो...
लोग कर रहे तारीफ
सोशल मीडिया पर यह वीडियो छाया हुआ है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। कई यूजर्स ने इसे 'असली विरासत' बताया, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि पुराने सिक्के आजकल एंटीक मार्केट में लाखों रुपये में बिकते हैं।
