Maharashtra Viral Video: महाराष्ट्र के पालघर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जहां एक कौआ इंसानों की तरह मराठी में बोलते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह अनोखा कौआ 'पापा', 'मम्मी', 'काका' और 'बाबा' जैसे शब्दों को इतनी साफ आवाज में बोल रहा है कि सुनने वालों का दिमाग घूम गया है। इस कौए की वीडियो को देखकर लोग हैरत में पड़ गए हैं और इसे प्रकृति का चमत्कार बता रहे हैं।
मराठी बोलने वाला कौआ
जानकारी के मुताबिक इस कौए को पालघर के वाडा तालुका के गरगांव गांव की रहने वाली तनुजा मुकने ने पाला है। करीब तीन साल पहले तनुजा ने एक घायल कौए को अपने घर लाकर उसकी देखभाल की थी। इस दौरान कौए ने उनके परिवार के साथ रहते हुए इंसानों की आवाज की नकल करना सीख लिया। तनुजा के मुताबिक यह कौआ उनके घर में बच्चों की तरह पला-बढ़ा है और अब परिवार के सदस्यों की तरह बात करता है।
एक्स पर देखें वीडियो
इंटरनेट सनसनी बना कौआ
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कौए बहुत बुद्धिमान पक्षी होते हैं और वे इंसानों की आवाज की नकल कर सकते हैं। लेकिन इतनी साफ मराठी बोलना वाकई असाधारण है। इस वीडियो को बीबीसी मराठी सहित कई प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया है, जिसके बाद यह इंटरनेट सनसनी बन गया। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे 'कलियुग का संकेत' बता रहे हैं, तो कुछ इसे कौए की बुद्धिमता का शानदार उदाहरण मान रहे हैं। यह वाकई एक ऐसा नजारा है, जो देखने और सुनने वालों को हैरान कर देता है। वीडियो एक्स पर @SatyaSanatanraj नाम के हैंडल से भी शेयर किया गया है।
