तुर्किए के पूर्वी प्रांत मलत्या (Malatya) में एक बड़ा सैन्य हादसा पेश आया है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि गुरुवार को एक सैन्य एस-70 (S-70) हेलीकॉप्टर के क्रैश हो जाने से चार सैनिकों की दर्दनाक मौत हो गई। मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान में यह स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल इस दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे की असल वजह जानने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी
स्थानीय ब्रॉडकास्टर के फुटेज और रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में एम्बुलेंस, पुलिस और दमकल विभाग (फायर फाइटिंग) की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटनास्थल पर मलबे से धुआं और लपटें उठती हुई दिखाई दीं, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया।
