INDIA Block: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के 'जन महाभियोग' की कार्यवाही टल गई है। इसका आयोजन अब 31 अक्टूबर को होगा। खराब मौसम के चलते इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने इस आयोजन को टालने का फैसला किया। विपक्ष की इस कार्यवाही में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे। इस आयोजन में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आरोपपत्र भी पेश किया जाएगा। कांग्रेस नेता मीरा कुमार कार्यवाही की पीठासीन अधिकारी होंगी। इस कार्यवाही में प्रत्येक विपक्षी दल का एक नेता अपनी बात रखेगा। राहुल गांधी कार्यवाही में सबसे आखिर में अपनी बात रखेंगे।
विपक्ष की हर पार्टी से नेता रखेंगे अपनी बात
विपक्ष नहीं चाहता कि किसी भी तरह संसद का मजाक बने, इसलिए इसमें सत्तापक्ष की ओर से किसी की भी प्रतीकात्मक मौजूदगी नहीं होगी। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पोस्टर, बैनर या मुखौटों का भी इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में इनका किसी भी तरह का प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व भी नहीं होगा। सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि और SIR से प्रभावित लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। विपक्ष की हर पार्टी से एक-एक नेता अपनी बात रखेंगे।
खरगे के आवास पर होना था कार्यक्रम
कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया’ मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 30 अक्टूबर को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के यहां स्थित आवास पर 'जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब 'इंडिया’ गठबंधन शुक्रवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे खरगे के आवास ’10, राजाजी मार्ग’ पर यह कार्यक्रम आयोजित करेगा।
इससे पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ 'इंडिया’ गठबंधन के प्रस्तावित 'जन महाभियोग’ कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही है।
अपना कार्यक्रम करने पर अडिग है विपक्ष
उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चाहे कुछ भी कर लें, विपक्ष अपना कार्यक्रम आयोजित करेगा और इस अभियान को आगे बढ़ाएगा। विपक्षी दलों ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली से पहले 30 अक्टूबर को कथित 'वोट चोरी’और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।
