सोशल मीडिया पर अक्सर जंगली जानवरों का शिकार करते वीडियो वायरल होते रहता है। हाल में एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक बाघ एक दमदार घोड़े को अपने जबड़ों में दबोचकर जंगल की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @T_Investor_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है।
घोड़े को घसीटते हुए ले जाते बाघ का वीडियो हुआ वायरल
पोस्ट के कैप्शन में बताया जा रहा है कि यह वीडियो (Video) उत्तराखंड के रामनगर के गर्जिया देवी मंदिर के आसपास का है। जहां एक बाघ घोड़े का शिकार करने के बाद उसे अपने जबड़े में दबोचकर घसीटते हुए जंगल की तरफ ले जाते दिख रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि हरे-भरे जंगल के बीच बाघ घोड़े को बड़ी आसानी से खींचता नजर आ रहा है। वह घोड़े को पेड़ों और झाड़ियों के बीच से आगे ले जाता है। यह नजारा देखकर लोगों को बाघ की असली ताकत का अंदाजा हो रहा है। आमतौर पर एक वयस्क घोड़ा काफी भारी होता है, लेकिन बाघ उसे अपने बड़े आराम से खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वायरल वीडियो को देखकर कई लोग बाघ की ताकत की खूब तारीफ कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
अलर्ट मोड पर वन विभाग
इस घटना को लेकर कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि यह घटना 17 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। बाघ ने गर्जिया इलाके में झूला पुल चौराहे के पास, नेशनल हाईवे-309 और गर्जिया पर्यटन जोन के पुराने गेट के आसपास घोड़े पर हमला किया। यह इलाका लोगों और पर्यटकों की आवाजाही वाला क्षेत्र है। ऐसे में दिन के समय बाघ के इतने करीब दिखाई देने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई। घटना के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है। इलाके में गश्त बढ़ाई गई है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जंगल के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। लोगों से यह भी कहा गया है कि वे अपने पालतू जानवरों को खुले में न छोड़ें और खासकर बच्चों को जंगल के आसपास अकेले न जाने दें।
जंगल से घिरा हुआ है यह इलाका
बता दें कि, गर्जिया देवी मंदिर और रामनगर का आसपास का इलाका जंगल से घिरा हुआ है। यह क्षेत्र कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के करीब भी है। इसलिए यहां अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही देखने को मिलती है। हालांकि, आबादी और पर्यटकों की मौजूदगी वाले इलाके के पास बाघ का दिन में शिकार करना चिंता का विषय जरूर है।
