गुजरात के वडनगर स्थित प्रसिद्ध हाटकेश्वर महादेव मंदिर को राज्य की प्रमुख आध्यात्मिक पहचान के रूप में विकसित करने की मांग उठी है। श्री कांची कामकोटि पीठाधिपति जगद्गुरु पूज्य श्री शंकर विजयेंद्र सरस्वती शंकराचार्य स्वामीजी ने मंदिर को 'गुजरात की काशी' बनाने का सुझाव दिया है।
क्या बोले श्री कांची कामकोटि पीठाधिपति?
श्री कांची कामकोटि पीठाधिपति जगद्गुरु पूज्य श्री शंकर विजयेंद्र सरस्वती शंकराचार्य स्वामीजी ने कहा कि जिस प्रकार वाराणसी में प्रधानमंत्री द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का विकास किया जा रहा है, उसी प्रकार वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर को भी ‘गुजरात की काशी’के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि शंकराचार्य स्वामीजी ने बताया कि वडनगर में विश्व शांति यज्ञ के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल से मंदिर के विकास और परिसर के विस्तार को लेकर चर्चा हुई थी।मंदिर का होगा विस्तार और जीर्णोद्धार
शंकराचार्य ने हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर के विस्तार, मंदिर के जीर्णोद्धार और आसपास के क्षेत्र के विकास पर जोर दिया। इसके अलावा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहना है कि धार्मिक संस्थाओं को मंदिर के आध्यात्मिक वातावरण और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
केंद्र और राज्य सरकार से सामूहिक प्रयास की अपील
शंकराचार्य ने कहा कि हाटकेश्वर महादेव मंदिर को बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों, गुजरात सरकार और केंद्र सरकार को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र के धार्मिक और आध्यात्मिक विकास के साथ-साथ उसके समग्र विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
