क्रिकेट

विवादित तरीके से एशिया कप चैंपियन बना पाकिस्तान, भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने किया समारोह का बहिष्कार

बारिश से प्रभावित खिताबी मुकाबले में एक भी गेंद नहीं फेंके जाने के बाद पाकिस्तान को विवादित तरीके से एशिया कप का विजेता घोषित किया गया। इसके बाद भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने फैसले का विरोध करते हुए पुरस्कार समारोह का बहिष्कार कर दिया।

Image

भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट CABI )

नई दिल्ली: भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को ढाका में पुरुष एशिया कप पुरस्कार वितरण समारोह का बहिष्कार किया जब फाइनल एक भी गेंद फेंके बिना बारिश में धुलने के बाद पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया। भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया। पाकिस्तान को नेट रनरेट के आधार पर विजेता घोषित किया गया जबकि सीएबीआई का कहना था कि दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिये था।

सीएबीआई महासचिव ने फैसले पर जताई निराशा

सीएबीआई महासचिव शैलेंद्र यादव ने एक बयान में कहा,'मैं बहुत निराश हूं और जिस तरीके से पाकिस्तान ने खुद को दृष्टिबाधित क्रिकेट एशिया कप फाइनल में एक भी गेंद फेंके बिना विजेता घोषित कर लिया, उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। जब बारिश के कारण फाइनल में एक गेंद भी नहीं डाली जा सकी तो विश्व दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद की तकनीकी समिति के फैसले और टूर्नामेंट के नियमों के आधार पर मसले का हल निकाला जाना चाहिये था। इसके लिये रिजर्व दिन या दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करना विकल्प हो सकता था।'

तकनीकी फैसले को अनसुने कर पाकिस्तान को घोषित किया विजेता

सीएबीआई ने आरोप लगाया कि डब्ल्यूबीसीसी अध्यक्ष और पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने के तकनीकी समिति के फैसले को अनसुना करके पाकिस्तान को चैम्पियन घोषित किया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article