बच्चों को चिप्स, चॉकलेट और ठंडे पेय जैसे जंक फूड से दूर रखना हर माता-पिता की कोशिश होती है लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में बच्चों को जंक फूड के नुकसान समझाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया गया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। बच्चों को पहले जंक फूड खिलाया गया और फिर एक नकली पेट स्कैन के जरिए स्क्रीन पर पेट के अंदर बड़े-बड़े कीड़े दिखाए गए। वीडियो वायरल होने के बाद इस तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पहले खिलाया जंक फूड
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को एक्स पर @MBBSinPhysics नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में कुछ शिक्षक बच्चों को चिप्स, चॉकलेट और दूसरी चीजें खिलाते हुए दिखाई देते हैं। इसके बाद एक बच्चे को बेंच पर लिटाया जाता है। शिक्षक बच्चे के पेट के ऊपर कंप्यूटर माउस को इस तरह घुमाते हैं, जैसे किसी मशीन से पेट की जांच की जा रही हो। इसके बाद सामने लगी स्क्रीन पर पेट के अंदर बड़े-बड़े कीड़े दिखाई देने लगते हैं। ये कीड़े एनिमेशन के जरिए दिखाए गए हैं, जिन्हें इस तरह पेश किया गया है जैसे जंक फूड खाने से वे पेट में पैदा हो गए हों। स्क्रीन पर कीड़ों को देखकर बच्चे काफी हैरान हो जाते हैं। कुछ बच्चे डर जाते हैं और कुछ रोते हुए भी नजर आते हैं।
किसी को पसंद आया तरीका, तो किसी ने जताई नाराजगी
इस वीडियो (Video) को देखने के बाद कुछ लोगों का कहना है कि बच्चों को किसी बात को याद कराने के लिए उसे रोचक और नाटकीय तरीके से समझाना प्रभावी हो सकता है। उनके मुताबिक, बच्चे अगर अपनी आंखों से कुछ अलग और चौंकाने वाली चीज देखते हैं, तो उन्हें वह बात लंबे समय तक याद रह सकती हैं। लेकिन कई यूजर्स ने इस तरीके की आलोचना भी की। उनका कहना है कि बच्चों को स्वस्थ खाने की आदतों के बारे में समझाना जरूरी है, लेकिन इसके लिए उन्हें डराना सही तरीका नहीं है। कुछ लोगों ने कहा कि बच्चों को यह समझाया जाना चाहिए कि जंक फूड का ज्यादा और लगातार सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। वहीं, उन्हें संतुलित भोजन, फल और सब्जियों जैसी अच्छी आदतों के बारे में भी सकारात्मक तरीके से बताया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
