सोशल मीडिया पर सड़क हादसे के वीडियो अक्सर सामने आते रहते हैं। हाल में ही एक भयानक हादसे का वीडियो इस वक्त जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क पर फिसलती एक अनियंत्रित ट्रक से एक तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे का यह वीडियो सड़क किनारे लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हादसे के इस वीडियो को सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को हमने सोशल साइट एक्स पर @ActualidadRT नाम के अकाउंट से लिया है। जिसमें हादसे को लेकर जानकारी दी गई है। जानकारी की पुष्टि के लिए हमने कई मीडिया रिपोर्ट्स खंगाले तो यह बात सामने आई कि यह सड़क हादसा रोमानिया के ड्रेगसनी और आइसी शहर के बीच हुआ।
कंट्रोल में नहीं रहा ट्रक
दिल दहला देने वाले इस सड़क हादसे वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि एक काले रंग की कार अपनी लेन में धीरे-धीरे चल रही है। तभी सामने से आ रहा एक बड़ा सा ट्रक अचानक अपना संतुलन खो बैठता है, जिसके बाद वह सड़क पर फिसलने लगता है। सड़क पर फिसलने के कारण ट्रक का पिछला हिस्सा घूमकर दूसरी तरफ की लेन में चला गया।
जोरदार टक्कर से उड़ी कार की छत
सामने से आ रही मौत को देख कार का ड्राइवर तुरंत ब्रेक लगाता है लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी होती है। ट्रक सड़क पर फिसलते हुए झटका खाकर पलट जाता है और वह एक झटके में उस तेज रफ्तार कार पर गिर पड़ता है। हादसे में दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसकी छत उड़ गई। वीडियो में आप देख सकते हैं कि हादसे के बाद कार का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से चिपक जाता है।
मौके पर ही दो लोगों की मौत
'द सन' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। कार में सवार 42 साल का ड्राइवर और उसका 39 साल का दोस्त मौके पर ही मर गए। हादसे की सूचना मिलते ही 13 फायरफाइटर्स, पुलिसकर्मी और एम्बुलेंस टीमें मौके पर पहुंचीं। शवों को कार के मलबे से निकालने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ा।
हादसे को लेकर जांच कर रही है पुलिस
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ट्रक चालक इस भयानक हादसे में बच निकला। उसे कोई गंभीर चोट नहीं लगी और वह होश में ही बाहर निकल आया। पुलिस ने उसका अल्कोहल टेस्ट किया, जो नेगेटिव निकला। मामले की पुलिस जांच कर रही है, हादसे को लेकर पुलिस इस सोच में डूबी हुई है कि ट्रक ड्राइवर पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए या नहीं।
