Shocking News: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दिल दहला देने वाली घटना वायरल हो रही है। इस घटना में किसी कंपनी में काम करने वाले एक शख्स की अचानक मौत की बात सामने आई है। खुद शख्स के बॉस ने इस घटना के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है। जो बेहद ही दुखद और हैरान करने वाली घटना है। केवी अय्यर नाम के शख्स ने अपने एक्स अकाउंट पर बताया कि 10 मिनट पहले उनके एक कर्मचारी ने उन्हें तबियत ठीक न होने की छुट्टी मांगी थी।
छुट्टी मांगने के 10 मिनट बाद मौत
केवी अय्यर नाम के शख्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मेरे एक एम्प्लॉई ने सुबह 8:37 बजे मुझे मैसेज किया कि उसकी तबियत ठीक नहीं है और पीठ में बहुत ज्यादा दर्द है। इस कारण वह आज ऑफिस नहीं आ पाएगा। कृपया मुझे छुट्टी दे दीजिए।' केवी अय्यर ने इसके बाद लिखा, 'किसी भी बॉस के लिए इस तरह के मैसेज बहुत ही आम होते हैं। इस कारण मैंने उसके जवाब में लिखा कि ठीक है, अपना ध्यान ऱखो और आराम करो।'
केवी अय्यर ने आगे लिखा, 'इसके बाद सुबह 11 बजे मुझे एक और फोन आया। इस फोन ने मुझे झकझोर कर रख दिया। फोन करने वाले ने बताया कि मेरा वह कर्मचारी अब इस दुनिया में नहीं रहा। यह बात सुनकर मुझे यकीन नहीं हुआ। इसके बाद मैंने एक और एम्प्लॉई से संपर्क किया। जब मैं उसके घर पहुंचा तो पता चला कि वह हमारे बीच नहीं रहा। शंकर की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी।' अय्यर ने आगे बताया, 'शंकर पिछले छह साल से मेरी टीम का हिस्सा थे। वह 40 साल के बेहद ही स्वस्थ इंसान थे। उन्होंने कभी शराब या सिगरेट नहीं पी। उन्हें कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ा था।'
