वायरल न्यूज़

VIDEO: रियल लाइफ मैराथन मैन! मां के ठीक होते ही नंगे पैर-बिना रुके 12 ज्योतिर्लिंगों की दौड़ पर निकला जिगर का टुकड़ा

Viral Video: बिहार के अररिया जिले के रहने वाले 19 वर्षीय मोनू मेटुरबाला ने अपनी मां की गंभीर बीमारी के समय भगवान शिव से उनकी सलामती की मन्नत मांगी थी। मां के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद, अपनी मन्नत को पूरा करने के लिए मोनू ने अनोखा मार्ग चुना और देश के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए पैदल दौड़ते हुए यात्रा शुरू कर दी।

Image

मां के लिए अनोखी मन्नत (तस्वीर साभार- @manu_betaurabala)

Viral Video: कहते हैं कि मां के आंचल की छांव और भगवान के आशीर्वाद से बड़ी इस दुनिया में कोई ताकत नहीं है। जब अपनों पर संकट आता है, तो अपनों की दुआएं ही ढाल बनती हैं। बिहार के अररिया (Araria Video) जिले के रहने वाले 19 वर्षीय मोनू मेटुरबाला ने इस बात को अपने जज्बे से सच साबित कर दिखाया है। मां के प्रति अटूट प्रेम और महादेव के प्रति अगाध श्रद्धा का एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिसे देखकर हर कोई इस युवा के हौसलो को सलाम कर रहा है।

    जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले मोनू की मां की तबीयत बेहद गंभीर हो गई थी। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और हर तरफ मायूसी का माहौल था। ऐसे कठिन समय में मोनू ने भगवान शिव की शरण ली और महादेव से मन्नत मांगी कि यदि उनकी मां पूरी तरह स्वस्थ हो जाती हैं, तो वह अटूट आस्था के साथ सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे। भक्त की सच्ची पुकार भगवान ने सुनी और मां की सेहत में सुधार होना शुरू हो गया। मां के स्वस्थ होने के बाद मोनू ने अपनी मन्नत को पूरा करने के लिए एक बेहद कठिन और साहसिक रास्ता चुना। आम तौर पर लोग वाहन या ट्रेन से धार्मिक यात्राएं करते हैं, लेकिन मोनू ने देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए दौड़ते हुए यात्रा करने का संकल्प लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अब तक करीब 8,000 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर चुके हैं और इस दौरान पांच प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन भी कर चुके हैं। मोनू अपनी इस कठिन और प्रेरणादायक यात्रा के पलों को लगातार अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए लोगों के साथ साझा कर रहे हैं। उनके वीडियो में उनका कड़ा परिश्रम, माथे पर त्रिपुंड, हाथ में भगवा झंडा और चेहरे पर भगवान शिव के प्रति अटूट भक्ति साफ झलकती है। देखें वीडियो...

    जज्बे को सलाम

    अब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है और लोग जज्बे को सलाम कर रहे हैं। इतना ही नहीं यूजर्स उनकी इस मातृभक्ति और निष्ठा की जमकर तारीफ कर रहे हैं। मोनू मेटुरबाला की यह कहानी साबित करती है कि अगर इरादे बुलंद हों और दिल में अपनों के लिए सच्चा प्रेम हो, तो इंसान हर असंभव दिखने वाले लक्ष्य को भी आसानी से पार कर सकता है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article