दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जो वक्त के साथ और भी गहरा होते चला जाता है। चाहे दोस्त साथ में हो या ना हो। कई बार आपने दो पुराने दोस्तों को बहुत दिनों बाद मिलते हुए देखा होगा। जिसके बाद उस पल जो भावनाएं उनके बीच उमड़ती हैं, वह किसी शब्दों में बयां नहीं किए जा सकते। हाल में ऐसे ही दो पुराने दोस्तों को 7 साल बाद मिलते हुए देखा गया, जिनका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
क्या हुआ वीडियो में?
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक अपने सामने हेलमेट पहने खड़े दूसरे व्यक्ति से पूछता है कि आप आर्मी से हैं? इस पर वह जवाब देता है कि हां, क्यों क्या हुआ? आगे वह युवक उससे कहता है कि आप एक गलत काम करते हुए पकड़े गए हैं। इस पर वह व्यक्ति उससे पूछता है कि मैंने क्या गलत कर दिया? फिर वह युवक बोलता है कि आपने कुछ गलत किया है, आपने अपने दोस्त को धोखा दिया है। इस पर वह व्यक्ति उस युवक की बातों से तंग आकर बोलता है कि, जा यार! अपना काम कर।
एक दूसरे से 7 साल बाद मिले दो दोस्त
अगले पल जब उस युवक को लगता है कि उसका दोस्त उसे पहचान नहीं रहा तो वह अपना नाम बताता है और बोलता है कि, "गौरव हूं भाई मैं", इतना सुनते ही उस व्यक्ति के कान खड़े हो जाते हैं और वह तुरंत अपना हेलमेट उतारता है और उसे युवक को गले लगा लेता है। उसे तुरंत अपना पुराना दोस्त गौरव याद आ जाता है। चूंकि गौरव ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था इसलिए वह व्यक्ति अपने दोस्त को पहचान नहीं पाया था। अपने पुराने दोस्त से मिलकर उस व्यक्ति की आंखों में आंसू आ जाते हैं। जैसे ही दोनों दोस्त एक-दूसरे को पहचानते हैं, वे दोनों इमोशनल हो जाते हैं और एक दूसरे को गले लगाते हुए हालचाल पूछते हैं।
दिल को छू लेने वाले दोस्ती के इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @NewsAlgebraIND नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
