कांग्रेस नेता राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंचे। राहुल गांधी याचिका दायर करने के लिए बनी फाइलिंग काउंटर तक पहुंचे। हालांकि, थोड़ी देरा बाद मल्लिकार्जुन खरगे सहित सभी नेता परिसर से बाहर चले गए। इससे पहले राहुल गांधी की लीगल टीम ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। बता दें कि राहुल गांधी के साथ खरगे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, राजा और सुप्रिया सुले समेत 11 अन्य नेता भी सह-याचिकाकर्ता हैं।
विपक्ष की ओर से दायर की गई याचिका में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एम. ए. बेबी, डी. राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले और ई. टी. मोहम्मद बशीर याचिकाकर्ता हैं। इस याचिका में मुख्य याचिकाकर्ता राहुल गांधी है।
सीजेआई सूर्यकांत ने याचिका की कॉपी अपने पास मंगाई
वहीं, राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने याचिका की कॉपी अपने पास मंगाई है। उन्होंने राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री को आज ही प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा है कि अगर याचिका में कोई खामी है तो उसे आज ही दूर किया जाए। जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच इस याचिका पर सुनवाई करेगी। बता दें कि सीजेआई सूर्यकांत ने पहले कहा था कि सोमवार शाम तक याचिका दाखिल होने पर मंगलवार को सुनवाई की जाएगी।
याचिका दायर करने से पहले राहुल गांधी और इंडी ब्लॉक के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला। इस मार्च की अगुवाई राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने की। इसमें कांग्रेस और आरजेडी समेत कई विपक्षी दलों के नेता, राजद नेता तेजस्वी यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके समर्थक शामिल हुए। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र संगठनों के सदस्यों और वकीलों ने भी हिस्सा लिया। मार्च से पहले राहुल गांधी ने इसे ‘शिव की बारात’ बताया था। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की थी।
