देश

'बैटमैन' बने खरगे, राहुल गांधी ने पहनाया मास्क, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

Rahul Gandhi Batman Mask: दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। 'चलो दिल्ली' मार्च के तहत सुप्रीम कोर्ट की ओर बढ़ रहे विपक्षी नेताओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी 'बैटमैन' का मास्क पहने नजर आए।

Image

चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च में राहुल और खरगे का अनोखा अंदाज

Photo : Times Now Digital

Rahul Gandhi Batman Mask: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर सोमवार को विपक्षी दलों के 'चलो दिल्ली' मार्च के दौरान राजनीति का एक बहुत ही अलग और अनोखा रंग देखने को मिला। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में सुप्रीम कोर्ट की तरफ बढ़ रहे नेताओं के बीच सुपरहीरो 'बैटमैन' का खुमार छाया रहा।

प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला पल वह था, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे(Mallikarjun Kharge) चेहरे पर बैटमैन का मास्क लगाए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बगल में बैठे दिखाई दिए। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मार्च (Congress Delhi March) के दौरान विपक्षी सांसदों और कार्यकर्ताओं को बैटमैन के मास्क बांटे थे। इसी बीच राहुल गांधी ने खरगे को वह मास्क पहनने में मदद की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गए।

NSUI ने शेयर की तस्वीर

एनएसयूआई (NSUI) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर राहुल गांधी की मास्क के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा- "बैटमैन मोड: ऑन; ज्ञानेश तो गयो!" दरअसल, यह पूरा मामला कांग्रेस के उस सोशल मीडिया अभियान से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी को अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले 'रियल लाइफ बैटमैन' के रूप में दिखाया जा रहा है।

राहुल गांधी ने बैटमैन को लेकर जब दिया था बयान

इससे पहले अगस्त के महीने में भी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर ऐसे पोस्टर्स लगाए गए थे, जिन पर लिखा था: "द साइलेंट गार्जियन, अ वॉचफुल प्रोटेक्टर... रियल लाइफ बैटमैन राहुल गांधी।" यह ट्रेंड तब और ज्यादा लोकप्रिय हुआ था जब एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन में एक छात्र ने राहुल गांधी से मजाकिया लहजे में पूछा था कि क्या वे ही बैटमैन हैं?

इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था, "बस इतना समझ लीजिए कि आज तक किसी ने मुझे और बैटमैन को एक साथ एक कमरे में नहीं देखा है।" उनके इसी बयान के बाद से सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई थी, जो अब सड़कों पर प्रदर्शन का हिस्सा बन गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article