वायरल न्यूज़

VIDEO: बच्चा बिना हेलमेट दिखा तो रुक गया बाइक सवार, फिर जो किया उसने जीत लिया लाखों लोगों का दिल

स्कूटी पर बिना हेलमेट बैठे बच्चे को देखकर बाइक सवार ने उसे टॉम एंड जेरी वाला हेलमेट गिफ्ट किया और उसकी मां से उसे हमेशा हेलमेट पहनाने की अपील की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Image

बाइक सवार युवक ने बच्चे को पहनाया हेलमेट (X/@lakshaymehta08)

हेलमेट पहनना बहुत ही जरूरी है, इसके लिए विभिन्न माध्यमों के जरिए जागरूकता भी फैलाई जाती है। सरकार ट्रैफिक नियमों के पालन करने के लिए विज्ञापन और कैंपेन पर करोड़ों रुपए खर्च करती है। हाल में इसी जागरूकता को एक शख्स ने कुछ ऐसे अंदाज में लोगों तक पहुंचाने का काम किया, जिसका वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।

बाइक सवार की छोटी सी पहल हुई वायरल

इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @lakshaymehta08 नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि वायरल हो रहा यह वीडियो असम के गुवाहाटी का है। जहां सड़क पर एक बाइक सवार ने स्कूटी पर बिना हेलमेट के बैठे एक छोटे बच्चे को देखा तो उसने अपनी बाइक रोक दी और बच्चे को हेलमेट पहनने की सलाह देते हुए, उसे एक छोटा सा हेलमेट भी दे दिया। शख्स की इस प्यारी पहल ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें

बच्चा बिना हेलमेट दिखा तो रुक गया बाइक सवार

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ स्कूटी पर जाती दिखाई दे रही है। बच्चा पीछे बैठा था, लेकिन उसके सिर पर हेलमेट नहीं था। तभी वहां से गुजर रहे बाइक सवार की नजर बच्चे पर पड़ी। वह आगे निकलने के बजाय रुक गया और महिला से बात करने लगा। बाइक सवार ने महिला से कहा कि उसके पास एक छोटा हेलमेट है और वह इसे बच्चे को देना चाहता है। इसके बाद उसने बच्चे के लिए हेलमेट निकालकर उन्हें दे दिया। हेलमेट पर बच्चों के पसंदीदा टॉम एंड जेरी के कैरेक्टर बने हुए थे, जिससे वह हेलमेट बच्चे के लिए भी बहुत प्यारी चीज बन गई।

टॉम एंड जेरी वाला हेलमेट देख खिल उठा बच्चे का चेहरा

बाइक सवार की पहचान इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर लेकी गोस्वामी के रूप में बताई गई है। उन्होंने महिला से बस एक छोटी सी अपील की कि जब भी वह अपने बेटे को स्कूल लेकर जाएं, तो उसे हेलमेट जरूर पहनाएं। उन्होंने यह भी बताया कि गुवाहाटी में इन दिनों बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर पानी भर जाता है। ऐसे में सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते और दोपहिया वाहन पर सफर करना मुश्किल हो सकता है।

लोगों को खूब पसंद आ रहा है यह Video

वीडियो की सबसे खास बात यह रही कि बाइक सवार ने उस बच्चे या उसकी मां को ज्ञान देने या फिर डांटने के बजाय एक आसान सा समाधान दिया। उसने अपनी तरफ से उन्हें हेलमेट दिया और बच्चे की सुरक्षा की बात कही। अगर सड़क पर अचानक गड्ढा आ जाए या स्कूटी का संतुलन बिगड़ जाए, तो हेलमेट बच्चे के सिर को चोट से बचाने में मदद कर सकता है। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोग उस बाइक सवार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर किसी अनजान व्यक्ति की सुरक्षा की चिंता करना और उसके लिए कुछ करना छोटी बात नहीं है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article