वायरल न्यूज़

चलती ट्रेन काटकर 200 करोड़ की लूट! कंटेनर के अंदर सेल्फी लेने वाले लुटेरों का ये वीडियो देख दंग रह जाएंगे आप

Viral Video: दक्षिणी कैलिफोर्निया में 36 मालगाड़ियों को निशाना बनाकर करीब 2.25 करोड़ डॉलर (लगभग 200 करोड़ रुपये) का सामान चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपी ट्रेनों की एयर होज काटकर उन्हें रोकते थे, कंटेनरों को काटकर नाइकी के जूते, मिलवॉकी टूल्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान उड़ाते थे और फिर सोशल मीडिया व काले बाजार के जरिए माल खपाते थे।

Image

अनोखे अंदाज में चोरी

Viral Video: अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया से एक ऐसी आपराधिक वारदात सामने आई है, जिसकी कहानी किसी थ्रिलर फिल्म और सोशल मीडिया के बेतुके ट्रेंड के बीच उलझी हुई लगती है। पुलिस और संघीय जांच एजेंसियों ने एक बड़े ट्रेन लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 21 वर्षीय नाथन डेनियल एंजेल समेत 14 लोगों के खिलाफ संघीय स्तर पर आरोप तय किए हैं। इस गिरोह पर कम से कम 36 मालगाड़ियों में चोरी करने और करीब 2.25 करोड़ डॉलर यानी लगभग 200 करोड़ रुपये मूल्य का सामान चुराने की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

अमेरिकी अटॉर्नी बिल एस्सायली के अनुसार, इस गिरोह के काम करने का तरीका बेहद सोचा-समझा और खतरनाक था। आरोपी चलते-फिरते मालगाड़ियों को निशाना बनाते और ट्रेनों की एयर होज काट देते थे। एयर होज कटने से ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम प्रभावित होता और मालगाड़ी रुकने या धीमी होने पर गिरोह के सदस्य कंटेनरों तक पहुंच जाते थे। इसके बाद वे कंटेनरों को खोलने या काटने के लिए औजारों का इस्तेमाल करते और अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर लेते थे। इस मामले से जुड़े सामने आए वीडियो फुटेज ने लोगों का ध्यान खास तौर पर खींचा है, क्योंकि इसमें अपराध की गंभीरता के साथ-साथ आरोपियों की अजीबोगरीब बेफिक्री भी दिखाई देती है। वीडियो के शुरुआती हिस्सों में नकाबपोश या चेहरा ढके एक व्यक्ति को कंटेनर के दरवाजे और लॉक सिस्टम पर पावर कटर चलाते देखा जा सकता है, जिससे तेज चिंगारियां निकलती हैं। इसके बाद कंटेनर का हिस्सा खुलता और कटता नजर आता है, जिसके भीतर गत्ते के ढेरों बक्से रखे दिखाई देते हैं। आगे के दृश्यों में कंटेनर के अंदर मौजूद लोग बक्सों को खिसकाते और फिर उन्हीं बक्सों के बीच आराम से बैठे या लेटे हुए नजर आते हैं। एक जगह जूते के डिब्बे और स्नीकर्स भी दिखते हैं, जबकि कैमरा संभाल रहा शख्स बक्सों के सामने हाथ से इशारे और पोज देते हुए वीडियो रिकॉर्ड करता दिखता है। देखें वीडियो...

अनोखे अंदाज में चोरी

अधिकारियों के मुताबिक, इस गिरोह का मकसद सिर्फ चोरी करना नहीं था, बल्कि चुराए गए सामान को तेजी से नकदी में बदलना भी था। मालगाड़ियों और कंटेनरों से नाइकी के जूते, मिलवॉकी टूल्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसी मांग वाली चीजें चुराई जाती थीं। इन ब्रांडेड और महंगे उत्पादों की बाजार में अच्छी कीमत मिल जाती है, इसलिए गिरोह इन्हें सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाता था। चोरी का यह माल आगे काले बाजार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बेचा जाता था। सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंच बनाना आरोपियों के लिए आसान था, जिससे वे भारी मात्रा में चुराए गए सामान को तेजी से खपा पा रहे थे। यह पूरा मामला एक तरफ जहां रेलवे सुरक्षा और सप्लाई चेन की चुनौतियों को सामने लाता है, वहीं दूसरी तरफ अपराधियों द्वारा खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल होने लायक सामग्री रचने की प्रवृत्ति को भी उजागर करता है। फिलहाल कानून के शिकंजे में आए आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article