देशभक्ति की भावना किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। इसका एक खूबसूरत उदाहरण नागालैंड के 5 साल के बच्चे वांगनाओ याटो ने पेश किया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर याटो ने जिस आत्मविश्वास और मासूमियत के साथ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया, उसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने उद्योगपति आनंद महिंद्रा का भी ध्यान अपनी ओर खींचा। याटो की आवाज सुनकर वह इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर दिया। इसके साथ उन्होंने नागालैंड की खूबसूरती और वहां घूमने की इच्छा भी जाहिर की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें
मासूम आवाज में गाया राष्ट्रगान
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि छोटा सा याटो लोगों के सामने खड़ा दिखाई देता है। उसके सामने दर्शक मौजूद हैं और वह पूरे आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रगान गा रहा है। उसकी आवाज में मासूमियत है, लेकिन गाने का अंदाज काफी आत्मविश्वास से भरा है। महज 5 साल की उम्र में याटो ने जिस तरह से पूरे राष्ट्रगान को गाया, उसे देखकर लोग उसकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। खास बात यह है कि बच्चा बिना किसी झिझक के सबके सामने खड़ा होकर गाता नजर आया। पीछे बड़े-बड़े आला अधिकारी राष्ट्रगान के दौरान झंडे को सलामी देते हुए सावधान की मुद्रा में खड़े दिख रहे हैं।
आनंद महिंद्रा ने किया वीडियो शेयर
याटो का यह वीडियो (Video) सोशल मीडिया के जरिए आनंद महिंद्रा तक पहुंचा। उन्होंने वीडियो को अपने अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा कि युवा याटो वांगनाओ को 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रगान गाते सुनने के बाद नागालैंड उनकी यात्रा की बकेट लिस्ट में सबसे ऊपर कैसे नहीं हो सकता। आनंद महिंद्रा की इस पोस्ट के बाद वीडियो को और भी ज्यादा लोगों ने देखा। देखते ही देखते याटो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
लोगों को पसंद आई बच्चे की मासूमियत
सोशल मीडिया यूजर्स को याटो का अंदाज काफी पसंद आ रहा है। लोग उसकी छोटी उम्र और आत्मविश्वास की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बच्चे की आवाज में जो सच्चाई और मासूमियत है, वही इस वीडियो को खास बनाती है। याटो का यह छोटा सा परफॉर्मेंस अब नागालैंड की पहचान और वहां की खूबसूरती की तरफ भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। एक छोटे बच्चे की आवाज ने हजारों लोगों को प्रभावित किया और शायद यही इस वीडियो की सबसे खूबसूरत बात है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
