वायरल न्यूज़

OMG: 40 साल अकेली रही महिला, मौत के बाद भी नहीं मिली बेटियों की खबर, अब सामने आई ये सच्चाई

मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली एक महिला करीब 40 सालों से मुंबई में अकेली रह रही थीं। हाल ही में उनका निधन हो गया, लेकिन अंतिम समय में उनके पास परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सोसाइटी के पड़ोसियों और एक चचेरे भाई ने आगे बढ़कर न केवल उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि अब अखबार में विज्ञापन देकर उनकी दोनों बेटियों को तलाश रहे हैं।

Image

मौत के बाद बेटियों की तलाश! (तस्वीर साभार- @Kishore1975_)

OMG: मायानगरी मुंबई की ऊंची-ऊंची इमारतों और चकाचौंध भरी सड़कों के पीछे अक्सर ऐसी खामोश कहानियां छिपी होती हैं, जो इंसानियत और रिश्तों की असलियत से रूबरू कराती हैं। ऐसी ही एक दिल को झकझोर देने वाली कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर हर किसी की आंखें नम कर रही है। यह कहानी है ललिता कृष्णमूर्ति की-एक ऐसी मां की, जिसने अपनी जिंदगी के चार दशक (करीब 40 साल) तन्हाई में गुजार दिए और जब इस दुनिया को अलविदा कहा, तो पास में 'अम्मा' कहकर विदा करने वाला अपना कोई नहीं था। हैरानी और भावुकता से भरा मोड़ तब आया, जब खून के रिश्तों की गैरमौजूदगी में उनके पड़ोसियों ने परिवार का फर्ज निभाया और अब उनकी दोनों बेटियों को ढूंढने के लिए अखबारों का सहारा ले रहे हैं। आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली ललिता कृष्णमूर्ति पिछले लगभग 40 वर्षों से मुंबई की एक रिहायशी सोसाइटी में अकेली रह रही थीं। बीते 13 नवंबर 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके जीवन के इस लंबे सफर में उनकी दो बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में किसी को कोई पुख्ता जानकारी नहीं थी। उन्होंने अपनी खामोशी और अकेलेपन को ही अपना साथी बना लिया था। जब उनके निधन की खबर सोसाइटी में फैली, तो सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर उनके परिवार को इसकी सूचना कैसे दी जाए? किसी के पास न तो उनकी बेटियों का पता था और न ही कोई संपर्क सूत्र। अक्सर बड़े शहरों के बारे में यह कहा जाता है कि यहां किसी के पास किसी के लिए वक्त नहीं है, लेकिन ललिता कृष्णमूर्ति की सोसाइटी के लोगों ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया। जब परिवार का कोई सदस्य सामने नहीं आया, तो बिल्डिंग के पड़ोसियों और उनके एक चचेरे भाई ने आगे बढ़कर सारी जिम्मेदारियां संभालीं। उन्होंने न केवल कानूनी और कागजी औपचारिकताएं पूरी कीं, बल्कि पूरे सम्मान के साथ ललिता जी की अंतिम यात्रा की व्यवस्था भी की। पड़ोसियों की इंसानियत यहीं नहीं रुकी। उनका मानना था कि भले ही ललिता जी अब इस दुनिया में नहीं रहीं, लेकिन उनकी बेटियों और परिजनों को अपनी मां के जाने की खबर जरूर मिलनी चाहिए। इसी नेक इरादे के साथ, पड़ोसियों ने एक प्रमुख अखबार में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करवाई।

दिल छू लेने वाला मामला

इस भावुक अपील में लिखा गया कि अत्यंत दुख के साथ हम श्रीमती ललिता कृष्णमूर्ति के निधन की सूचना दे रहे हैं। मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली ललिता जी का 13 नवंबर को मुंबई में निधन हो गया। हम उनके बच्चों, करीबी परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों या उन्हें जानने वाले किसी भी व्यक्ति से विनम्र अनुरोध करते हैं कि वे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें। अब यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस पोस्ट को Kishore1975_ नाम के यूजर ने शेयर किया है। वहीं, इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी छिड़ गई है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि करियर और विदेश या दूसरे शहरों में बसने की दौड़ में बच्चे अक्सर यह भूल जाते हैं कि बुजुर्ग माता-पिता को पैसों से ज्यादा अपने बच्चों के साथ और स्पर्श की जरूरत होती है। हजारों लोगों ने मुंबई के उन पड़ोसियों की सराहना करते हुए उन्हें ही ललिता कृष्णमूर्ति का 'असली परिवार' बताया है। तो इस मामले पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article