Leopard Viral Video: बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में रविवार को एक रोमांचक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। बिछिया-सुजौली मार्ग पर एक बाइक सवार युवक का अचानक तेंदुए से सामना हो गया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान युवक अपनी मोटरसाइकिल से गिर पड़ा और जान बचाने के लिए वहां से भाग गया, जबकि तेंदुआ सड़क पर खड़ी बाइक के पास काफी देर तक बैठा रहा।
झाड़ियों से तेंदुआ अचानक निकला बाहर
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे एक युवक मोटरसाइकिल से बिछिया की ओर से सुजौली जा रहा था। जब वह बिछिया बाजार के नजदीक पहुंचा, तभी सड़क किनारे मौजूद झाड़ियों से एक तेंदुआ अचानक बाहर निकल आया। सामने जंगली जानवर को देखकर युवक घबरा गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। स्थिति को भांपते हुए युवक तुरंत मोटरसाइकिल छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ पड़ा।
यातायात भी प्रभावित हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेंदुआ करीब दस मिनट तक सड़क पर मौजूद बाइक के पास ही बैठा रहा। इस दौरान सड़क पर आने-जाने वाले लोग रुक गए और दूर से ही स्थिति पर नजर बनाए रहे। लोगों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाने की कोशिश भी की, लेकिन वह कुछ देर तक वहीं डटा रहा। इसके चलते मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। कुछ समय बाद युवक ने साहस का परिचय देते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया। वह धीरे-धीरे अपनी मोटरसाइकिल की ओर बढ़ा।
जंगल की दिशा में भागा आदमखोर
युवक को अपनी ओर आते देख तेंदुआ सतर्क हो गया और जंगल की दिशा में भाग गया। इसके बाद युवक ने अपनी बाइक उठाई और वहां से सुरक्षित रवाना हो गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार बढ़ रही तेंदुओं की गतिविधियों के कारण कतर्नियाघाट क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
