Karnataka Student Fail: आपने देखा होगा कि बोर्ड की परीक्षा में फर्स्ट आने के बाद किसी भी छात्र के माता-पिता जमकर खुश होते हैं और सेलिब्रेशन करते हैं। कई छात्रों के माता-पिता बड़ी पार्टी का आयोजन करते हैं। दूसरी तरह अगर आपको हम बताएं कि फेल होने पर एक छात्र के माता-पिता ने जमकर खुशी मनाई और केक काटा तो शायद ही आपको यकीन होगा। कर्नाटक के बागलकोट से ऐसा ही एक मजेदार मामला सामने आया है।
सारे विषय में फेल हो गया था बेटा
बागलकोट के बसवेश्वरा इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र अभिषेक अपने हाईस्कूल के एक्जाम में सभी सब्जेक्ट में फेल हो गया। उसके हाईस्कूल में 625 में से 200 नंबर आए और एक भी विषय में वह पास नहीं हो सका। इतने खराब शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए माता-पिता ने उसे डांटने के बजाय खुश करने का फैसला किया। इसके बाद माता-पिता ने जो किया उसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल, छात्र के माता-पिता ने केक और मिठाई का ऑर्डर दिया।
बचपन में हुई थी आग की दुर्घटना
बता दें कि माता-पिता ने अपने बेटे को बेहतर महसूस करवाने के लिए ऐसा किया। जिससे उनका बेटा अगली बार परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हो। अपने बेटे के फेल होने पर केक काटने वाले पिता ने कहा कि उनके बेटे ने बहुत ही कड़ी मेहनत की थी। परीक्षाओं को गंभीरता से लेने के बाद भी वह पास नहीं हो सका। इस कारण हमने उसके लिए पार्टी का आयोजन किया है, जो उसका हौसला बढ़ाएगी। वहीं फेल हुए छात्र अभिषेक का कहना है कि अगली बार वह खूब मेहनत करेगा और सभी विषयों में सफलता प्राप्त करेगा। बता दें कि अभिषेक के साथ बचपन में एक आग की दुर्घटना हुई थी। इस कारण उसे चीजें याद रखने में कठिनाई होती है।
